एक्टर से डायरेक्टर बने अंशुमन झा अपनी आने वाली फिल्म लॉर्ड कर्ज़न की हवेली के ज़रिए दर्शकों को एक अनोखा म्यूज़िकल अनुभव देने वाले हैं। यह ब्लैक कॉमेडी थ्रिलर फिल्म 10 अक्टूबर 2025 को रिलीज़ होगी। अंशुमन झा, जो महान संगीतकार लुडविग वैन बीथोवेन के लंबे समय से प्रशंसक हैं, ने इस फिल्म के लिए बीथोवेन की दो मशहूर रचनाओं - फ्यूर एलिस (Für Elise) और सिम्फनी नंबर 5 (Symphony No. 5) - को नए तरीके से रिक्रिएट किया है। इस म्यूज़िकल प्रयोग में उनके साथ बेल्जियम के अवॉर्ड-विनिंग कंपोज़र साइमन फ्रांसक्वेट (Simon Fransquet) ने काम किया है। दोनों ने मिलकर ऐसा साउंड डिज़ाइन तैयार किया है जो बीथोवेन की क्लासिकल खूबसूरती को आज की आधुनिक थ्रिलर की रहस्यमयता और हास्य से जोड़ता है।

अंशुमन झा की डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म लॉर्ड कर्ज़न की हवेली में बीथोवेन की दो क्लासिक सिम्फनीज़ का न्यू वर्जन

लॉर्ड कर्ज़न की हवेली में अनोखा म्यूज़िकल अनुभव

अपने डायरेक्टोरियल डेब्यू को लेकर अंशुमन झा ने कहा, “एक फिल्ममेकर के तौर पर मैं कंट्रास्ट के साथ खेलना चाहता था। साउंड डिज़ाइन सिनेमा की आत्मा होती है और कई बार कम ही ज़्यादा होता है। बीथोवेन का संगीत सटीक और पवित्र है। जब उसे लॉर्ड कर्ज़न की हवेली जैसी ब्लैक कॉमेडी की अव्यवस्थित दुनिया में रखा जाता है, तो वह एक अजीब लेकिन गहरी टेंशन पैदा करता है। 2025 में, ये क्लासिकल धुनें सिर्फ बैकग्राउंड म्यूज़िक नहीं हैं ये कहानी के व्यंग्यपूर्ण कथाकार हैं, जो हवेली की पागलपन भरी दुनिया को और गूंजदार बनाती हैं। मैं बीथोवेन से उधार नहीं लेना चाहता था मैं उनके साथ सदियों पार एक सहयोग चाहता था।”

वहीं इस म्यूज़िकल प्रयोग पर कंपोज़र साइमन फ्रांसक्वेट ने कहा, “मेरे लिए यह नकल नहीं, बल्कि एक अनुगूंज थी। बीथोवेन की धुनें दुनिया की सबसे पहचानी जाने वाली धुनों में से हैं, इसलिए चुनौती यह थी कि उनकी आत्मा को आज की साउंड वर्ल्ड में जिंदा रखा जाए। हमने फ्यूर एलिस को वैसे नहीं बजाया जैसा आप जानते हैं म वायलिन कभी उसे फुसफुसाता है, कभी खरोंचता है, तो कभी चिल्लाता है। यह ऐसा लगता है जैसे बीथोवेन आज भी हमारे बीच हैं, बस इस टूटे-फूटे भावनात्मक संसार के आईने में दिखाई दे रहे हैं।”

डार्क ह्यूमर, सस्पेंस और क्लासिकल म्यूज़िक के इस अनोखे संगम के साथ लॉर्ड कर्ज़न की हवेली दर्शकों को एक अलग तरह का सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है जो म्यूज़िक की ताकत को कहानी कहने के नए स्तर पर ले जाएगी और बीथोवेन के संगीत का एक ऐसा रूप दिखाएगी जो पहले कभी नहीं सुना गया।

लॉर्ड कर्ज़न की हवेली देशभर के सिनेमाघरों में 10 अक्टूबर 2025 को रिलीज़ होगी।