ओटीटी वर्ल्ड में एक नई और दिलचस्प जोड़ी एंट्री करने जा रही है। फातिमा सना शेख और सैयारा फेम अनीत पड्डा जल्द ही एक आगामी वेब सीरीज़ में साथ नज़र आएंगी, जिसका टेंटेटिव टाइटल न्याय रखा गया है। सीरीज़ का निर्देशन कर रहे हैं करण कपाड़िया और नित्या मेहरा, और यह एक जबरदस्त थ्रिलर ड्रामा होने वाला है।

फातिमा सना शेख और अनीत पड्डा की बनी जोड़ी
इस सीरीज़ में फातिमा सना शेख पहली बार एक सख्त और दृढ़निश्चयी पुलिस अफसर की भूमिका में दिखाई देंगी। वहीं अनीत पड्डा, जो अपनी डेब्यू फिल्म सैयारा में प्रभावशाली परफॉर्मेंस के लिए तारीफें बटोर चुकी हैं, एक अहम किरदार में नज़र आएंगी।
फातिमा हाल ही में आप जैसा कोई और मेट्रो इन दिनों जैसी फिल्मों में अपनी एक्टिंग रेंज और इमोशनल डेप्थ से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं। दूसरी ओर, अनीत पड्डा सैयारा में अपने स्क्रीन प्रेजेंस और नैचुरल परफॉर्मेंस के कारण इंडस्ट्री में तेजी से उभर रही हैं।
सूत्र ने बताया, “यह एक एज-ऑफ-द-सीट थ्रिलर ड्रामा है, जिसे अनीत ने सैयारा से पहले शूट किया था। फातिमा पहली बार एक पुलिस अफसर की भूमिका में नज़र आएंगी। दोनों की परफॉर्मेंस शानदार है। करण कपाड़िया और नित्या मेहरा ने इस प्रोजेक्ट को दिल से शो रन और डायरेक्ट किया है।”
एक ओर जहां फातिमा अपने अब तक के सबसे अलग अवतार में दिखेंगी, वहीं अनीत का किरदार भी कहानी की गहराई में एक अहम रोल निभाएगा। यह सीरीज़ न सिर्फ़ टैलेंट का संगम है, बल्कि ओटीटी दर्शकों के लिए एक नया अनुभव लेकर आने वाली है — जहां रियलिज़्म, इमोशन और थ्रिल की शानदार टक्कर देखने को मिलेगी।
सीरीज़ की रिलीज़ डेट और आधिकारिक टाइटल की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। फिलहाल इतना तय है कि न्याय उन प्रोजेक्ट्स में से एक होगा, जिस पर नजरें टिकी रहेंगी।
















