Manisha-Koirala

पिछले कुछ महीनों से, राजकुमार हिरानी अपना सारा समय और ऊर्जा अपनी महत्वाकांक्षी आगामी फ़िल्म संजय दत्त की बायोपिक पर न्यौछावर कर रहे हैं । फ़िल्म के टाइटल से लेकर फ़िल्म की कास्ट तक, हर किसी चीज पर राजकुमार हिरानी बहुत ही बारिकी से ध्यान दे रहे हैं । राजकुमार चाहते हैं कि उनकी फ़िल्म के सभी मुख्य किरदार असल जिंदगी के किरदारों से मेल खाएं । जैसा की हम सभी को पहले ही पता है कि संजय दत्त की बायोपिक फ़िल्म में परेश रावल संजय दत्त के पिता, सुनील दत्त का किरदार निभा रहे हैं, वहीं अब पता चला है कि संजय की मां के रोल के लिए 'इलू-इलू गर्ल' मनीषा कोईराला को साइन किया गया है ।

दिलचस्प बात ये है कि मनीषा कोईराला, संजय दत्त के साथ 6 से ज्यादा फ़िल्मों में नजर आ चुकी हैं और वह संजय दत्त के साथ काफ़ी अच्छा तालमेल रखती हैं । राजकुमार हिरानी ने खुलासा किया कि, उन्होंने नरगिस के महत्वपूर्ण रोल के लिए 90 के दशक की खूबसूरत हीरोइन मनीषा कोईराला को ही क्यों चुना, इस फ़ैसले के कारणों का खुलासा करते हुए उन्होंने बताया कि मनीषा ने भी नरगिस की तरह अपनी जिंदगी के लिए लड़ाई लड़ी है । सदाबहार अभिनेत्री नरगिस ने साल 1981 में अग्नाशय के कैंसर से पीड़ित होने के बाद अपनी जान गंवा दी थी और मनीषा कोईराला ने भी अपनी जिंदगी में कैंसर से जंग जीती है । हिरानी ने खुलासा किया कि जब वे मनीषा से मिले तब उन्होंने कैंसर से अपनी जंग के बारें में उनसे बातचीत की थी और तब उन्हें लगा कि नरगिस के रोल के लिए उनसे बेहतर और कोई नहीं हो सकता । उन्होंने बताया कि मनीषा एक बेहतरीन अभिनेत्री होने के साथ-साथ बहुत अच्छी इंसान भी हैं ।

वहीं दूसरी तरफ़, संजय दत्त की बायोपिक में दिया मिर्जा संजय दत्त की पत्नी, मान्यता दत्त के किरदार में और सोनम कपूर संजय दत्त के लव इंटरेस्ट के किरदार में नजर आएंगी । और इस फ़िल्म में संजय दत्त के किरदार में रणबीर कपूर, जो इन दिनों इस फिल्म के लिए उनकी बारीकियों को समझने के लिए ज्यादा

से ज्यादा समय संजय द्दत के साथ गुजार रहे हैं, नजर आएंगे । इस फ़िल्म की शूटिंग पिछले महीने ही शुरू हुई थी और यह फ़िल्म इस साल क्रिसमस के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।