मालविका राज, जिसने करण जौहर की फ़िल्म कभी खुशी कभी गम में छोटी करीना कपूर खान की भूमिका अदा की थी, जल्द ही अपना फ़ुलफ़्लेज्ड बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही है । मालविका इमरान हाशमी की आगामी फ़िल्म कैप्टन नवाब में उनके अपोजिट नजर आएंगी । वॉर ड्रामा फ़िल्म, कैप्टन नवाब असल जिंदगी की घटनाओं पर आधारित है, इस फ़िल्म में इमरान पहली बार आर्मी मैन के किरदार में नजर आएंगे ।

सूत्रों के मुताबिक, फ़िल्म के मेकर्स को एक नए चेहरे की तलाश थी, जिसकी न केवल धमाकेदार स्क्रीन उपस्थिती हो, बल्कि चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं को करने में सक्षम भी हो । फ़िल्म के निर्देशक टोनी डिसूजा मालविका के ऑडिशन से बहुत संतुष्ट हुए और उन्हें अपनी फ़िल्म के लिए जिस किरदार की जरूरत थी, वो सब मालविका में था ।

निर्देशक टो्नी डिसूजा ने कहा कि, "हम कुछ नया करने की कोशिश कर रहे हैं और इसलिए कास्टिंग सही पाना हमारे लिए आवश्यक था । हम मालविका को पाकर बहुत खुश हैं । हमने उन्हें ऑडिशन के सामान्य राउंड्स में डाल दिया और उन्होंने सभी को उत्कृष्ट तरीके से कर दिखाया । वह पहले से ही फ़िल्मी दुनिया से वाकिफ़ थी, वह बाल कलाकार के रूप में फ़िल्में कर चुकी है, और एक फ़िल्मी परिवार से ताल्लुक भी रखती है ।”

टोनी डिसूजा द्दारा निर्देशित फ़िल्म कैप्टन नवाब को इमरान हाशमी फ़िल्म्स और ओडबॉल मोशन पिक्चर्स द्दारा प्रस्तुत किया जाएगा ।