राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और पद्मश्री पुरस्कार विजेता मधुर भंडारकर, जो समाज की कठोर सच्चाईयों को दर्शाने वाली अपनी दमदार और कमर्शियल रूप से सफल फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, एक बार फिर बॉलीवुड के ग्लैमर को सिल्वर स्क्रीन पर उतारने जा रहे हैं । हालांकि, इस बार उनका फोकस बॉलीवुड स्टार्स पर नहीं बल्कि उनकी पत्नियों पर है । चांदनी बार, पेज 3, फैशन, ट्रैफिक सिग्नल, जैन, हीरोइन और इंडिया लॉकडाउन जैसी सामाजिक रूप से प्रासंगिक फ़िल्में देने वाले फ़िल्ममेकर मशहूर भंडारकर ने अपनी नेक्स्ट फ़िल्म अनाउंस कर दी है जिसका टाइटल है- वाइव्स ऑफ बॉलीवुड ।

मधुर भंडारकर की अगली फिल्म वाइव्स ऑफ बॉलीवुड
अपनी फ़िल्म वाइव्स ऑफ बॉलीवुड के ज़रिए मधुर भंडारकर बॉलीवुड स्टार की पत्नियों की ग्लैमरस जिंदगी के अनदेखे पहलुओं को उजागर करेंगे, जिसमें घोटाले, गॉसिप, सत्ता संघर्ष और आंखों को चौंधिया देने वाली विलासिता शामिल है ।
दो दशकों से ज़्यादा के करियर और सामाजिक अन्याय की आलोचना करने वाली फ़िल्में बनाने वाले भंडारकर की अगली फ़िल्म मनोरंजन उद्योग के सामाजिक जीवन पर एक साहसिक टिप्पणी पेश करेगी ।
फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने कहा, “बॉलीवुड स्टार की पत्नियों के बारे में बहुत सारी अटकलें लगाई जाती हैं, लेकिन हमारा उद्देश्य उनकी असली कहानियों को पर्दे पर लाना है ।”
“इंडिया लॉकडाउन की सफलता के बाद हम एक बार फिर मधुर सर के साथ काम करने को लेकर रोमांचित हैं । उनकी फिल्में हमेशा से ही समाज की सच्चाइयों को उजागर करती हैं, और हमें उम्मीद है कि 'वाइव्स ऑफ बॉलीवुड' भी दर्शकों को आकर्षित करेगी।” निर्माता प्रणव जैन ने कहा।
भंडारकर एंटरटेनमेंट और पी जे मोशन पिक्चर्स द्वारा निर्मित, फिल्म वाइव्स ऑफ बॉलीवुड अगले साल की शुरुआत में फ्लोर पर आने की उम्मीद है ।
















