एक्ट्रेस, प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और राजनेता कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी को फ़ाइनली सेंसर बोर्ड से क्लीनचिट मिल गई है । कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी काफ़ी समय से अपने कथित कंटेंट को लेकर विवादों में फँसी हुई थी जिसके चलते केंद्रीय फिल्‍म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फ़िल्म को सर्टिफिकेट नहीं दिया था । लेकिन अब फ़िल्म की रिलीज का रास्ता खुल गया है । कंगना रनौत ने ख़ुद सोशल मीडिया के ज़रिए जानकारी दी है कि, उनकी फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट मिल गया है । लेकिन उन्होंने अभी रिलीज डेट अनाउंस नहीं की है ।

कंगना रनौत की इमरजेंसी को मिला सेंसर सर्टिफिकेट ; लेकिन रिलीज डेट पर अभी भी सस्पेंस

कंगना रनौत की इमरजेंसी को मिला सेंसर सर्टिफिकेट

तेजस के बाद कंगना की पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म इमरजेंसी अब जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी । पहले यह 6 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड ने मूवी को विवादित बताते हुए इसे प्रमाण पत्र देने से साफ इनकार कर दिया था । लेकिन अब CBFC ने इमरजेंसी को ग्रीन सिग्नल दे दिया है । इस बारें में कंगना ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हमें ये बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि फिल्म इमरजेंसी को सेंसर सर्टिफिकेट मिल गया है । हम जल्द फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान करेंगे । आपके धैर्य और सपोर्ट की मैं आभारी हूँ ।”

कंगना रनौत की इमरजेंसी तत्‍कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा 1975 में लगाए गए आपातकाल की राजनीतिक घटनाओं को बयान करती है । इसमें कंगना भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका अदा कर रही हैं ।

कंगना रनौत द्वारा लिखित और निर्देशित इमरजेंसी में उनके अलावा अनुपम खेर, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमन, श्रेयस तलपड़े, विशाक नायर और दिवंगत सतीश कौशिक भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। ज़ी स्टूडियोज़ और मणिकर्णिका फ़िल्म्स द्वारा निर्मित, फ़िल्म का संगीत संचित बलहारा और जी वी प्रकाश कुमार ने तैयार किया है, जबकि पटकथा और संवाद रितेश शाह ने लिखे हैं।