कुमार मंगत पाठक द्दारा निर्मित साल 2018 में रिलीज हुई अजय देवगन की फ़िल्म रेड को हर किसी ने पसंद किया था । और अब मेकर्स ने इसके अगले भाग- रेड 2 का भी ऐलान कर दिया है । फिल्म निर्माता कुमार मंगत पाठक ने कंफ़र्म किया है कि उनकी फ़िल्म रेड 2 उप्र के कन्नौज के रहने वाले इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर पड़े छापों पर आधारित होगी ।

अजय देवगन की रेड 2
रेड 2 में एक बार फ़िर अजय वरिष्ठ आयकर आधिकारी अमय पटनायक का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे । फ़िल्म की शूटिंग अगले साल के अंत से शुरू होगी । निर्माता कुमार मंगत पाठक ने काशी फिल्म फेस्टिवल के दौरान ये घोषणा की है कि वो बहुत जल्द रेड 2 बनाएंगे जो इत्र व्यापारी पीयूष जैन की लाइफ पर आधारित होगी । खुदा हाफ़िज और दृश्यम जैसी कई बेहतरीन फ़िल्में बना चुके कुमार मंगत पाठक ने कहा कि उन्होंने रेड 2 बनाने का मन बना लिया है, जिसमें दर्शकों को जैन के घर की तरह दीवारों से पैसे निकलते हुए भी दिखाई देंगे ।
बता दें कि पीयूष जैन को रविवार को कानपुर में उनके घर और कन्नौज के घर और कारखाने पर जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) द्वारा छापे के बाद गिरफ्तार किया गया था । जिसमें लगभग 257 करोड़ रुपये नकद, 25 किलोग्राम सोना और 250 किलोग्राम चांदी की बरामदगी हुई थी । बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान जब्त की गई नकदी की अब तक की सबसे बड़ी जब्ती है ।
साल 2018 में आई अजय की फिल्म रेड साल 80 के दशक में सरदार इंदर सिंह के घर आयकर विभाग की छापेमारी पर आधारित है । जो भारत के इतिहास में आयकर विभाग की सबसे लंबी छापेमारी के लिए भी जानी जाती है । फिल्म में अजय के अलावा सौरभ शुक्ला और अभिनेत्री इलियाना डिक्रूज ने मुख्य किरदार निभाया है ।
















