
मां बनने के बाद, करीना कपूर खान कई सारे ब्रांड एंडोर्समेंट और फैशन शो जैसे काम की प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में लगी हुईं हैं, लेकिन अभी तक फ़िल्मों में वापसी नहीं की है । बहरहाल, अब करीना अगले महीने से कुछ फ़िल्मों के लिए काम शुरू करने को तैयारी हैं वहीं दूसरी तरफ़, वह अब एक और फिल्म पर साइन करने पर विचार कर रही है ।
कथिततौर पर करीना कपूर खान को उनके फ़िल्ममेकर दोस्त करण जौहर द्दारा उनकी अगली फ़िल्म के लिए संपर्क किया गया । हालांकि इस बारें में कोई ज्यादा जानकारी तो हाथ नहीं लगी लेकिन इतना जरूर कहा जा रहा है कि करण जौहर की ये आगामी फ़िल्म एक रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म होगी । अभी तक, यह कहा जा रहा है कि करीना और करण इस प्रोजेक्ट पर बात ही कर रहे हैं और अभी तक एक ठोस निर्णय पर पहुंचना बाकी है ।
करीना कपूर खान इससे पहले भी धर्मा प्रोडक्शन फ़िल्म्स का हिस्सा रही हैं, करण ने करीना को कभी खुशी कभी गम फ़िल्म में निर्देशित किया था । फ़िलहाल करीना, सोनम कपूर के साथ अपनी आगामी फ़िल्म वीरे दी वेडिंग की शूटिंग शुरू करेंगी जो उनके मां बनने की वजह से रुक गई थी । इस फ़िल्म को सोनम की बहन रिया कपूर बना रही हैं ।
















