ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म की हर दिन बढ़ती ग्रोथ को देखते हुए बॉलीवुड के कई बड़े स्टार्स ओटीटी पर अपना डेब्यू कर चुके हैं । और अब इस लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान का नाम भी जुड़ने वाला है । करीना कपूर खान ने अपने ओटीटी डेब्यू के लिए नेटफ्लिक्स को चुना है । करीना जापानी लेखक कीगो हिगाशिनो के उपन्यास, द डिवोशन ऑफ सस्पेक्ट एक्स पर आधारित एक मर्डर मिस्ट्री से अपनी डिजिटल शुरुआत करने के लिए तैयार हैं ।

करीना कपूर खान मर्डर मिस्ट्री से कर रही हैं अपना ओटीटी डेब्यू, सुजॉय घोष करेंगे डायरेक्ट

करीना कपूर खान का ओटीटी डेब्यू

अपने दूसरे बेटे जहांगीर उर्फ जेह के जन्म के बाद करीना जहां लाल सिंह चड्ढा से अपना कमबैक करेंगी । वहीं डिजीटल वर्ल्ड में उनका यह पहला प्रोजेक्ट होगा । सुजॉय घोष के निर्देशन में बनने वाली इस मर्डर मिस्ट्री में करीना के साथ जयदीप अहलावत और विजय वर्मा भी लीड रोल में नजर आएंगे । स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने निर्देशक के नेतृत्व में फिल्म के लिए एक स्क्रिप्ट रीडिंग सेशन के दौरान करीना, जयदीप और विजय ने वीडियो के जरिए अपनी इस ओटीटी फिल्म का ऑफ़िशियल ऐलान कर दिया है ।

अपने ओटीटी डेब्यू के बारें में करीना ने कहा, “मैं इस रोमांचक परियोजना पर काम शुरू करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती । मेरे बेटे जेह के जन्म के बाद यह मेरी पहली फिल्म है । इसके साथ ही मैं इस फिल्म के जरिए अपना ओटीटी डेब्यू करने जा रहीं हूं। यही कारण है कि मैं सुजॉय, जयदीप और विजय के साथ काम करने के लिए बेहद उत्साहित हूं ।”

वहीं डायरेक्टर सुजॉय घोष ने कहा, “मैंने अब तक जितनी भी किताबें पढ़ीं हैं, उनमें से 'द डिवोशन ऑफ सस्पेक्ट एक्स' शायद अब तक की सबसे अच्छी प्रेम कहानी है । और इसे एक फिल्म में ढालने का मौका मिलना, मेरे लिए किसी सम्मान से कम नहीं है। साथ ही मुझे इस फिल्म में करीना, जयदीप और विजय जैसे कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिल रहा है!! कोई इससे ज्यादा और क्या मांग सकता है ।”

बता दें कि हिगाशिनो की डिटेक्टिव गैलीलियो श्रृंखला का तीसरा उपन्यास द डिवोशन ऑफ सस्पेक्ट एक्स उनकी सबसे प्रशंसित कृति मानी जाती है । इसने उन्हें जापान में एक उच्च सम्मानित साहित्यिक सम्मान नाओकी पुरस्कार दिलाया । उपन्यास ने प्रतिष्ठित होंकाकू मिस्ट्री अवार्ड भी जीता है ।