स्टैंडअप कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा ने अपनी पत्नी गिन्नी चतरथ संग मिलकर कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सर्रे में एक कैफ़े खोला जिसका नाम है- ‘कैप्स कैफे’। कपिल शर्मा ने तीन दिन पहले, 7 जुलाई को अपने ‘कैप्स कैफे’ का उद्घाटन किया था । लेकिन गुरुवार को कपिल के कैफे में फ़ायरिंग हो गई जिसकी ज़िम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली है । राहत की बात ये है कि, इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ है । इसी बीच अब कपिल शर्मा ने इस घटना पर अपना रिएक्शन दिया है ।

कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावरों ने कैफे पर 9 राउंड फायरिंग की। खालिस्तानी आतंकवादी हरजीत सिंह लाडी ने हमले की जिम्मेदारी ली है । हरजीत सिंह नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की लिस्ट में मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में शामिल है और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा है। हरजीत सिंह लाडी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “एक किरदार निहंग सिख पोशाक पहने दिखाई दिया और उनके आचरण पर कुछ हास्यास्पद टिप्पणियां की गईं। इन्हें अपमानजनक और समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला माना गया। कॉमेडी की आड़ में किसी भी धर्म या आध्यात्मिक पहचान पर मजाक नहीं उड़ाया जा सकता ।”
उसने आगे कहा कि समुदाय से जुड़े लोगों ने कपिल शर्मा के मैनेजर को कई बार फोन किया लेकिन किसी एक का भी जवाब नहीं दिया गया। लाडी ने ये भी कहा, “कपिल शर्मा ने सार्वजनिक रूप से माफी क्यों नहीं मांगी ?”
हमलावर ने फायरिंग का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कैफे के बाहर एक कार में बैठा व्यक्ति गाड़ी के अंदर से लगातार फायरिंग करते दिख रहा है। हालांकि अभी तक घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है ।
World Famous comedian Kapil Sharma's newly inaugurated restaurant KAP'S CAFE shot at in Surrey, BC, Canada last night.
Harjit Singh Laddi, a BKI operative, NIA's (INDIA ) most wanted terrorist has claimed this shoot out citing some remarks by Kapil@SurreyPolice pic.twitter.com/p51zlxXbOf
— Ritesh Lakhi CA (@RiteshLakhiCA) July 10, 2025
हमले के बाद कैप्स कैफे के इंस्टाग्राम पेज पर कपिल की टीम ने लिखा, “हमने इस कैफे को अपनी कम्यूनिटी के बीच इस उम्मीद से खोला था कि वो शानदार कॉफी के साथ खुशी से गपशप कर सकेंगे। हमारे इस सपने पर हिंसा का प्रहार दिल तोड़ने वाला है। इस सदमे से उभरने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन हमने हार नहीं मानी है। आप सभी के सपोर्ट, दुआओं के लिए धन्यवाद। ये कैफे आपके भरोसे की वजह से है। आइए हम साथ में मिलकर हिंसा का विरोध करें। ये सुनिश्चित करें कि कैप्स कैफे ऐसी जगह बने जहां शांति और समुदाय हो। पोस्ट में बताया गया है कि कैप्स कैफे जल्द वापसी करेगा ।”

फायरिंग मामले में कनाडा की सरे पुलिस का भी बयान सामने आया है । जिसके मुताबिक, 10 जुलाई को सुबह 1.50 बजे के करीब सरे पुलिस को 120 स्ट्रीट के 8400 ब्लॉक में कैफे पर गोली चलने की सूचना मिली । पुलिस के पहुंचने पर पता चला कि गोलियां कैफे की ओर चलाई गई थीं । फायरिंग से संपत्ति को नुकसान हुआ । उस समय स्टाफ मेंबर अंदर मौजूद थे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई । पुलिस ने सबूत इकट्ठा किए और आसपास के लोगों से जानकारी और सीसीटीवी फुटेज जुटाने की कोशिश की । सरे पुलिस सेवा की फ्रंटलाइन इन्वेस्टिगेटिव सपोर्ट (FLIS) टीम ने जांच की जिम्मेदारी संभाल ली है ।
















