फरहान अख्तर द्वारा निर्देशित डॉन 3, जिसकी शूटिंग कई कारणों से लगातार टलती रही थी, अब आखिरकार जनवरी 2026 से फ्लोर पर जाएगी । डॉन 3 में रणवीर सिंह लीड रोल में नजर आने वाले हैं । वहीं फीमेल लीड के रूप में कियारा आडवाणी नजर आएंगी ।

तमाम अड़चनों के बाद फरहान अख्तर, रणवीर सिंह के साथ जनवरी 2026 से शुरू करेंगे डॉन 3 की शूटिंग

डॉन 3 की शूटिंग की तैयारी शुरू

इस डेवलपमेंट की पुष्टि करते हुए एक सूत्र ने बताया, “हां, फिल्म में देरी जरूर हुई है, लेकिन इसकी वजहें भी उतनी ही अहम थीं । रणवीर सिंह, जिन्होंने शाहरुख खान की जगह डॉन की कमान संभाली है, उन्हें इस फैसले के लिए काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। ऐसे में फरहान और रणवीर ने मिलकर तय किया कि माहौल ठंडा होने तक वे थोड़ा शांत रहेंगे। साथ ही रणवीर को इस रोल के लिए मार्शल आर्ट्स जैसी विशेष ट्रेनिंग की भी ज़रूरत थी ।”

सूत्र ने आगे बताया, “फिर प्रियंका चोपड़ा की जगह लीड रोल के लिए साइन की गईं कियारा आडवाणी की प्रेग्नेंसी ने शूटिंग शेड्यूल पर असर डाला । फरहान को उनके हालातों को ध्यान में रखते हुए प्रोजेक्ट को रोकना पड़ा । तीसरी वजह यह रही कि फरहान खुद 120 बहादुर नामक एक वॉर फिल्म में मेजर शैतान सिंह की भूमिका निभा रहे हैं, जिसके लिए उन्हें कड़ी फिजिकल ट्रेनिंग से गुजरना पड़ा। यह फिल्म 21 नवंबर 2025 को रिलीज़ होने वाली है।”

अब जबकि सभी अड़चनें पार हो चुकी हैं, डॉन 3 की शूटिंग जनवरी 2026 में शुरू होगी और दिसंबर 2026 में इसे रिलीज़ करने का प्लान है।

सूत्र ने यह भी खुलासा किया कि, “ऐसी भी संभावना है कि प्रियंका चोपड़ा इस फ्रेंचाइज़ी में एक बार फिर वापसी करें।”