करीब एक हफ्ते पहले यह खबर सामने आई कि मस्ती 4 की शूटिंग शुरू हो चुकी है, जिसकी पुष्टि फिल्म के मेकर्स द्वारा शेयर की गई तस्वीरों से हुई। इस नॉटी कॉमेडी फिल्म की टीम इन दिनों यूनाइटेड किंगडम के बर्मिंघम शहर में मौजूद है, जहां एक बड़े पैमाने पर डांस नंबर की शूटिंग हो रही है। सेट से लीक हुई तस्वीरों और वीडियो को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह गाना फिल्म की एक बड़ी हाइलाइट बनने वाला है—क्योंकि इसमें स्पेशल गेस्ट अपीरियंस में  जेनेलिया देशमुख नजर आएंगी ।

EXCLUSIVE: रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और आफताब शिवदासानी की मस्ती 4 में जेनेलिया देशमुख का गेस्ट अपीयरेंस ; शूटिंग लोकेशन से लीक हुआ वीडियो

मस्ती 4 में जेनेलिया देशमुख का गेस्ट अपीरियंस

आज सुबह ही मस्ती 4 की टीम विक्टोरिया स्क्वायर, बर्मिंघम में नजर आई। फिल्म के तीन मुख्य अभिनेता—रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और आफताब शिवदासानी—सैकड़ों बैकग्राउंड डांसर्स के साथ एक गाने की शूटिंग करते दिखे। चूंकि विक्टोरिया स्क्वायर एक सार्वजनिक जगह है, वहां मौजूद कई लोगों ने इस शूट को अपने कैमरे में कैद किया। शूट की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

इन लीक तस्वीरों में जेनेलिया देशमुख भी सेट पर मौजूद नजर आईं। शुरुआत में ऐसा लगा कि वह सिर्फ रितेश की शूटिंग देखने आई हैं। खासकर जब वह एक्ट्रेस एलनाज़ नौरोज़ी के बर्थडे सेलिब्रेशन की टीम द्वारा शेयर की गई तस्वीर में दिखीं, तब उनकी मौजूदगी एक कैजुअल विज़िट मानी जा रही थी। लेकिन कुछ वीडियो में उन्हें न सिर्फ रिहर्सल करते, बल्कि गाने की शूटिंग करते हुए भी देखा गया—जिससे साफ हो गया कि जेनेलिया फिल्म में एक स्पेशल अपीयरेंस कर रही हैं।

यह पहली बार नहीं है जब जेनेलिया देशमुख ने रितेश देशमुख की फिल्म में कैमियो किया हो। इससे पहले वह मराठी ब्लॉकबस्टर लय भारी (2014) के गाने ‘आला होलिचा सान’ और माऊली (2018) के गाने ‘धुवन ताक’ में स्पेशल अपीयरेंस कर चुकी हैं।

हाल ही में जेनेलिया आमिर खान के साथ सितारे ज़मीन पर में नजर आईं और उनकी एक्टिंग को लोगों के काफ़ी पसंद किया । इसके अलावा  कल ही उनकी नई फिल्म गनमास्टर G9 की घोषणा हुई है, जिसमें उनके साथ इमरान हाशमी और अपारशक्ति खुराना भी नजर आएंगे । फिल्म का निर्देशन आशिक बनाया आपने फेम आदित्य दत्त कर रहे हैं।

मस्ती 4 में रितेश, विवेक और आफताब के अलावा एलनाज़ नौरोज़ी, रुही सिंह और श्रेया शर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। इस फिल्म का निर्देशन मिलाप जावेरी कर रहे हैं।