कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन घोषित किया जिसके तहत लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी जा रही है । सोशल डिस्टेंसिंग के जरिए कोरोना के वायरस को फ़ैलने से बचाने की इस जंग में हर कोई सपोर्ट कर रहा है । वहीं लॉकडाउन का सबसे ज्यादा असर मजदूरों और गरीबों पर पड़ा है और इसलिए ऐसे लोगों की आर्थिक मदद के लिए अब बॉलीवुड सेलेब्स भी आगे आए हैं । ऐसे लोगों की मदद के लिए पीएम रिलीफ़ फ़ंड चलाया गया है जिसमें कॉमेडियन कपिल शर्मा ने अपनी तरफ़ से मदद का हाथ बढाया है । कपिल शर्मा ने पीएम राहत कोष में 50 लाख रु की मोटी रकम डोनेट कर सभी से घरों में रहने की अपील भी की है ।

कपिल शर्मा ने दान दिए 50 लाख रु
कपिल ने अपने सोशल अकाउंट पर इस बात की जानकारी देते हुए लिखा, “ये समय एक साथ खड़े होने का है, जिनको हमारी जरूरत है । कोरोना से लड़ने के लिए मैं पीएम रिलीफ फंड के लिए 50 लाख रुपये दे रहा हूं । सभी से विनती है कि घर पर ही रहें. #stayhome #staysafe #jaihind #PMrelieffund
इससे पहले भी कपिल कई मर्तबा अलग-अलग तरीके से घरों में रहने की अपील कर चुके हैं । बता दें कि कोरोना के कारण कपिल भी अपने शो की शूटिंग नहीं कर रहे हैं । घर में रहकर कपिल अपनी नन्हीं सी बेटी के साथ समय बिता रहे हैं ।
भारत में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या करीब 649 पहुंच गई है । साथ ही कोरोनावायरस से देश में अब तक 13 लोगों की जान जा चुकी है । इस वायरस से महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा तीन लोगों की जान गई है । इसके बाद गुजरात में दो लोगों की मौत हुई । स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को 43 नए मामले सामने आए हैं ।
















