मणिकर्णिका एक्ट्रेस कंगना रनौत अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बनी रहती है । कभी अपने विवादित बयान को लेकर, कभी अपनी फ़िल्म को लेकर तो कभी किसी स्टार के साथ अपने झगड़े को लेकर । कंगना रनौत का बेबाक अंदाज उन्हें अक्सर सुर्खियों में बनाए रखता है । बॉलीवुड में नेपोटिज्म की बहस को छेड़कर कंगना रनौत ने एक नए विवाद को जन्म दिया था । और अब कंगना रनौत ने एक बार फ़िर एक नए विवाद को छेड़ दिया है ।

कंगना रनौत ने सोनम कपूर को दिया करारा जवाब, कहा-'खुद तो अच्छी एक्ट्रेस है नहीं, वो कौन होती हैं मुझे जज करने वालीं'

हाल ही में कंगना ने अपनी फ़िल्म क्वीन के निर्देशक विकास बहल पर आरोप लगाया कि, विकास ने उन्हें कई मौकों पर असहज महसूस कराया था । दर असल, कंगना का ये बयान प्रोडक्शन हाउस फैंटम फिल्म्स की एक महिला कर्मचारी द्वारा फिल्म निर्देशक विकास बहल पर छेड़छाड़ का आरोप फिर से लगाए जाने के बाद आया है । और ये किस्सा साल 2015 में आई फ़िल्म बॉ्म्बे वेलवेट के दौरान हुआ था । अभी दो दिन पहले अनुराग कश्यप ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी फ़ैंटम हाउस को खत्म कर दिया । इस प्रोडक्शन कंपनी में अनुराग के साथ विक्रमादित्य मोटवानी, मधु मनटेना और विकास बहल भी जुड़े हुए थे ।

कंगना रनौत ने विकास बहल के बारें में अपना अनुभव साझा किया

महिला कर्मचारी द्वारा विकास बहल पर आरोप लगाए जाने के बाद कंगना ने भी अपनी आपबीती सुनाई और कहा कि, ‘मैं पूरी तरह से उस पर (महिला) विश्वास करती हूं । हम जब 2014 में क्वीन फिल्म की शूटिंग कर रहे थे उस वक्त शादीशुदा होने के बावजूद भी बहल मेरे सामने यह शेखी बघारते थे कि वह रोज-रोज एक नई लड़की के साथ यौन संबंध बनाते हैं । हम जब कभी भी मिलते थे वह मेरी गर्दन पर अपना चेहरा रखकर मुझे कसकर पकड़ते थे और मेरे बालों को सूंघते थे । मुझे उन्हें हटाने में काफी जोर लगाना पड़ता था ।'

सोनम कपूर ने कहा कि कंगना की बात पर यकीन करना मुश्किल

लेकिन कंगना के इस खुलासे को सोनम कपूर ने अलग ही मोड़ दे दिया । दरअसल, कंगना ने #MeToo मूमेंट के तहत अपने साथ हुई उत्पीड़न के अनुभव को साझा किया था जिसे सोनम कपूर ने संदेह की नजर से देखा । बता दें कि, सोनम कपूर ने एक कार्यक्रम में तनुश्री दत्ता की नाना पाटेकर के खिलाफ आगे आने के लिए तारीफ की थी जबकि कंगना के बारे में उन्होंने कहा था, "कंगना बहुत कुछ कहती रहती हैं । कई बार उन पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है । लेकिन अगर यह सच है तो दोषियों को सजा मिलनी चाहिए ।" लेकिन कंगना ने इस बात को लेकर सोनम को करारा जवाब दिया है ।

कंगना ने दिया करारा जवाब

कंगना ने सोनम की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि, "उनका यह कहने से क्या मतलब है कि कंगना पर यकीन करना मुश्किल है...जब मैं अपनी #MeToo स्टोरी शेयर कर रही हूं...तो उसे किसने हक दिया कि वह मुझे जज करे? तो क्या सोनम कपूर के पास किसी महिला पर यकीन करने और किसी पर यकीन न करने का लाइसेंस है...आखिर वे मेरे दावों को लेकर इतना पुख्ता ढंग से कैसे बात कर सकती हैं ।

मेरी पहचान साफ-साफ बात कहने के लिए है । कई अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में मैंने अपने देश का प्रतिनिधित्व किया है । इन समिट्स में मुझे युवा अगुआ के तौर पर पहचान दी गई है । मेरी पहचान मेरे पिता की वजह से नहीं है, मैंने यह पहचान और विश्वसनीयता 10 साल के संघर्ष बाद हासिल की है...उनकी पहचान न तो अच्छी एक्ट्रेस के तौर पर है और न ही वह अच्छी वक्ता के तौर पर ही पहचानी जाती हैं....इन फिल्मों लोगों को मेरी बात पर चुटकी लेने का अधिकार कैसे मिला । मैं इन सबको भी बेनकाब कर दूंगी जैसे मैंने कुछ बेवकूफ लोगों को किया है ।"

यह भी पढ़ें : मणिकर्णिका विवाद पर सिमरन लेखक अपूर्व असरानी ने बताया कंगना रनौत के जुल्मों से बचने का उपाय

कंगना द्वारा दिये गए इस स्टेटमेंट के बाद अब ये देखना वाकई दिलचस्प है कि सोनम कपूर इसका क्या जवाब देती हैं ।