जॉन अब्राहम-मनोज बाजपेयी अभिनीत फ़िल्म सत्यमेव जयते 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, लेकिन इससे पहले ही यह फ़िल्म मुश्किल में फ़ंस गई है । दरअसल, फ़िल्म के मेकर्स के खिलाफ एक समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाएं कथित रूप से आहत करने का मामला दर्ज किया गया है । मेकर्स के खिलाफ हैदराबाद में शिया समुदाय के लोगों ने धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवाया है ।

रिलीज से पहले मुश्किल में फ़ंसी जॉन अब्राहम की सत्यमेव जयते, मेकर्स के खिलाफ़ FIR दर्ज

सत्यमेव जयते के मेकर्स के खिलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज

शिया समुदाय के प्रमुख, निसार हैदर ने अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि, 'हमने फिल्म सत्यमेव जयते को बनाने वाले सभी लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाने की शिकायत दर्ज करवाई है। फिल्ममेकर्स को तुरंत फिल्म में से मातम वाले सीन को हटा देना चाहिए और उसके बाद ही इसे रिलीज किया जाए। यह सीन साफ तौर पर शिया मुसलमानों की भावनाओं को आहत करता है ।'

शिकायत के आधार पर पुलिस ने फिल्ममेकर्स के खिलाफ आईपीसी की धारा 295, 295-ए और 153-ए के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है ।

बता दें कि, इससे पहले फिल्म में मोहर्रम के जुलूस के मातम के दौरान हत्या का सीन दिखाए जाने से नाराज कुछ मुस्लिम संगठनों ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर में भी शिकायत दर्ज करवाई थी ।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर फिल्म की निर्माता कंपनी ऐमी इंटरटेनमेंट्स और अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 295 ए (इरादतन एवं विद्वेषपूर्ण कृत्य जिनका मकसद धार्मिक भावनाएं आहत करना है) और सिनेमैटोग्राफ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया । और पुलिस इस मामले में तुरंत कार्रवाई करेगी ।

यह भी पढ़ें : सत्यमेव जयते में जॉन अब्राहम की हीरोइन आयशा शर्मा की बोल्डनैस-खूबसूरती का ओवरडोज

मिलाप झवेरी द्दारा निर्देशित फ़िल्म सत्यमेव जयते में जॉन के अलावा मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे ।