
तमन्ना भाटिया, जो सोनू सूद के साथ उनकी द्दिभाषी फ़िल्म तूतक तूतक तूतिया में नजर आईं थी, जल्द ही इस साल की सबसे बहुप्रतिक्षित फ़िल्म 'बाहुबली : द कन्क्लूजन' में नजर आने वाली हैं । इन सबके अलावा हमने सुना है कि तमन्ना ने हाल ही में बॉलीवुड के माचो मैन यानी जॉन अब्राहिम के साथ एक फ़िल्म साइन की है ।
जॉन अब्राहिम, जो बीते साल रिलीज हुई फ़िल्म फ़ोर्स 2 में नजर आए थे, अपनी आगामी फ़िल्म में एक बार फ़िर पुलिस वाले की भूमिका में नजर आएंगे, जिसका फ़िलहाल नाम चोर निकल के भागा है । वहीं दूसरी तरफ़, इस फ़िल्म की सह-निर्माता प्रेरणा अरोरा ने खुलासा किया है कि तमन्ना भाटिया इस फ़िल्म में जॉन के अपोजिट नहीं, बल्कि किसी और अभिनेता, जिसकी जानकारी गुप्त रखी जा रही है, के अपोजिट दिखाई देंगी । हालांकि फ़िल्म में तमन्ना भाटिया का किरदार कैसा होगा, इस बारें में अभी तक कोई जानकारी नहीं है लेकिन खबर है कि वह इस फ़िल्म में एयर होस्टेस के किरदार में दिखाई देंग़ी ।
अर्जुन एन कपूर और राज कुमार गुप्ता के साथ जॉन अब्राहिम द्दारा प्रोड्यूस्ड फ़िल्म चोर निकल के भागा को अमर कौशिक द्दारा निर्देशित किया जाएगा । अमर कौशिक ने राज कुमार गुप्ता के साथ नो वन किल्ड जेसिका और घनचक्कर जैसी फ़िल्मों में एक सहयोगी निदेशक के रूप में काम किया ।
















