Bahubali

काले धन पर अंकुश लगाने हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्दारा 500 व 1000 के नोट बंद करने के कदम से कई शहरों में आयकर विभाग की छापेमारी देखने को मिल रही है । मोदी सरकार के नोट बंद करने के फैसले का असर चाहे वो आम आदमी हो या कोई बड़ी हस्ती, सभी पर साफतौर से देखा जा सकता है।

खबर है कि साल 2015 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म ‘बाहुबली-द बिगनिंग’ के निर्माताओं के हैदराबाद स्थित घरों में शुक्रवार को इनकम टैक्स की छापेमार कार्रवाई की गई। फिल्म के निर्माता शोबु यारलागड्डा और प्रसाद देवीनेनी के ऑफिस और घरों में छापे मारे गए, उनके यहां कथित रूप से 500 और 1000 के करीब 60 करोड़ के नोट रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि, आयकर विभाग को बंद हो चुके 1000 और 500 के नोटों को ठिकाने लगाने की खबर मिली थी। आयकर विभाग ने छापे के लिए बिलकुल सही समय चुना क्योंकि वितरकों से प्राप्त एडवांस की रकम इन निर्माताओं के घर और ऑफिस पर ही मौजूद रहने की संभावना है।

टॉलीवुड इंडस्ट्री से हर कोई इस छापेमारी से हतप्रभ है । हमने तो यह भी सुना है कि छापेमारी से पहले, आईटी अधिकारियों ने निर्माताओं और उनकी टीम पर नजर रखी हुई थी । मोदी द्दारा उठाए गए नोट बैन के कदम के बाद यह सबसे बड़ी छापेमारी है । सरकार के इस फैसले के बाद देशभर में आयकर विभाग छापे मार रहा हैं। दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद समेत बड़े शहरों में आयकर विभाग के छापे पड़ चुके हैं।

आपको बता दें कि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म इंडस्ट्री में कमाई के मामले में कई रिकॉर्ड बना चुकी फिल्म ‘बाहुबली-द बिगनिंग’ ने दुनि‍याभर में 600 करोड़ रुपए से भी ज्यादा की कमाई की थी। अब इस फिल्म की सीक्वल 'बाहुबली 2' का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। ' बाहुबली : द कन्क्लूजन' अगले साल 28 अप्रैल को रिलीज होने जा रही है।