कई सारे अभिनेता-अभिनेत्री अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं करते है और अक्सर शादी होने के बाद अपने रिश्ते का ऐलान करते है । इस कड़ी में एक और अभिनेत्री का नाम जुड़ गया है और वो हेट स्टोरी एक्ट्रेस सुरवीन चावला का, जिसने हमेशा अपने रिश्ते पर एक चुप्पी बनाए रखी । हाल ही में आई खबरों के मुताबिक कहा जा रहा है कि सुरवीन चावला ने साल 2015 में कारोबारी अक्षय ठक्कर से शादी रचा ली थी । इसलिए कहा जा रहा है कि सुरवीन ने शादी काफी पहले कर ली थी लेकिन अनाउंसमेंट अब कर रही हैं ।

हाल ही में सुरवीन ने इंस्‍टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट की जिसमें वह रेड गाउन पहने दिखाई दे रही हैं । हालिया खबरों के मुताबिक, सुरवीन चावला ने भी अनुष्का शर्मा-विराट कोहली की तरह इटली में एक निजी समारोह के अंतर्गत 28 जुलाई 2015 को शादी रचाई । स्पष्ट रूप से यह कार्यक्रम अंतरंग था जिसमें परिवारजन के अलावा सिर्फ़ कुछे बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए थे ।

हालांकि हमने सुना है कि निश्चित रूप से दुल्हन सुरवीन के लिए यह एक सपने जैसी शादी थी, जो हमेशा सफेद शादी करने की कामना करती थी । यह भी कहा जा रहा है कि अभिने्त्री शुरू से ही चाहती थी उनकी शादी एक महल की सुरम्य पृष्ठभूमि के बीच संपन्न हो और इसलिए उन्होंने इटली को चुना ।

यह सुनने में आ रहा है कि कथित तौर पर ये युगल जनवरी 2018 में अपनी शादी के बारे में सार्वजनिक रूप से घोषणा करने की योजना बना रहा था । उनकी प्रेम कहानी के बारें में बात करें तो, यह कहा जा रहा है कि सुरवीन और अक्षय साल 2013 में एक कॉमन फ़्रेंड के माध्यम से मिले थे और जल्द ही एक दूसरे के प्यार में पड़ गए और फ़िर दोनों ने एक दूसरे से शादी करने का फ़ैसला किया ।

काम की बात करें तो, सुरवीन चावला इन दिनों अपनी नई वेब सीरिज के साथ व्यस्त है । वह पिछली बार अजय देवगन के प्रोडक्शन की फ़िल्म पार्च्ड में वेश्या के किरदार में नजर आई थी । इस फ़िल्म को विदेश में खूब सराहा गया था ।