फिल्म ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा की फिल्म इन्फॉर्मेशन में 7 नवंबर 2025 को प्रकाशित एक पब्लिक नोटिस ने पुष्टि की है कि जय हो मीडिया LLP ने आगामी हिंदी फिल्म ‘100%’ के सभी एक्सक्लूसिव, परपेचुअल और वर्ल्डवाइड राइट्स आधिकारिक रूप से हासिल कर लिए हैं। साजिद खान द्वारा निर्देशित और आकाश कौशिक, मधुर शर्मा व रोहन शंकर द्वारा लिखित इस फिल्म में जॉन अब्राहम और रितेश देशमुख मुख्य भूमिकाओं में हैं।

साजिद खान की लंबे वक्त से अटकी जॉन अब्राहम-रितेश देशमुख स्टारर कॉमेडी फ़िल्म 100% को नए सिरे से शुरू करने की प्लानिंग

जॉन अब्राहम और रितेश देशमुख स्टारर फिल्म 100%

नोटिस के अनुसार, यह अधिग्रहण सौदा ANM Global Inc., एडवोकेट्स एंड सॉलिसिटर्स के माध्यम से पब्लिश किया गया है। इसके तहत जय हो मीडिया LLP को फिल्म से जुड़ी सभी इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स (IPR) और उसके अंडरलाइंग वर्क्स पर पूर्ण स्वामित्व प्राप्त हुआ है। इसमें फिल्म के सीक्वल, रीमेक, स्पिन-ऑफ या किसी भी डेरिवेटिव प्रोजेक्ट को बनाने के अधिकार शामिल हैं।

इसके अलावा, कंपनी को अब फिल्म के लीनियर ब्रॉडकास्ट राइट्स (टीवी, सैटेलाइट, केबल, DTH, IPTV आदि) और नॉन-लीनियर वीडियो-ऑन-डिमांड राइट्स (AVOD, SVOD, TVOD और डिजिटल स्ट्रीमिंग) भी प्राप्त हो गए हैं।

जय हो मीडिया LLP अब फिल्म के ट्रांसपोर्ट और कमर्शियल राइट्स (एयर, शिप, रेलवे, होटल) के साथ-साथ म्यूज़िक, डबिंग और सबटाइटलिंग राइट्स भी अपने पास रखेगी। यह डील फिल्म के सिंडिकेशन, बैकग्राउंड स्कोर, लिरिक्स और अन्य एंसिलरी राइट्स तक फैली है, जिससे कंपनी को फिल्म के हर संभावित डिस्ट्रिब्यूशन और एक्सप्लॉइटेशन मोड पर पूर्ण नियंत्रण मिल गया है।

नोटिस में यह भी कहा गया है कि अगर किसी व्यक्ति या संस्था के पास फिल्म पर किसी प्रकार के अधिकार का दावा है, तो वह 15 दिनों के भीतर अपने दस्तावेज़ों सहित सामने आए। इसके बाद कोई भी दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित हो गया है कि जय हो मीडिया LLP फिल्म के अधिकारों पर बिना किसी विवाद के आगे बढ़ सकेगी।

दिलचस्प बात यह है कि फिल्म 100% की घोषणा 29 अगस्त 2022 को की गई थी और इसे दीवाली 2023 पर रिलीज़ करने की योजना थी। उस वक्त फिल्म में जॉन अब्राहम, रितेश देशमुख, नोरा फतेही और शहनाज़ गिल नजर आने वाले थे। इसे भूषण कुमार, कृष्ण कुमार (टी-सीरीज़) और अमर बुटाला (GBA मीडिया) प्रोड्यूस कर रहे थे। अब जबकि अमर बुटाला जय हो मीडिया LLP के मालिक हैं, उन्होंने फिल्म का पूर्ण निर्माणाधिकार अपने पास ले लिया है।

अमर बुटाला इससे पहले ‘मिशन मजनू’ (2023), ‘बजरंगी भाईजान’ (2015), ‘केसरी’ (2019) और ‘मिशन मंगल’ (2019) जैसी फिल्मों का निर्माण या सह-निर्माण कर चुके हैं।

वर्तमान नोटिस में 100% की स्टारकास्ट में जॉन अब्राहम, रितेश देशमुख और अन्य कलाकारों का नाम दर्ज है। अब यह देखना बाकी है कि क्या फिल्म पहले की ही कास्ट के साथ आगे बढ़ेगी या फिर इसमें बदलाव होंगे। फिल्म के प्रोडक्शन टाइमलाइन और आगे की जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।

फिलहाल, इस मामले पर अमर बुटाला और निर्देशक साजिद खान से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।