
कुछ दिन पहले, तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए काफी धूमधाम के साथ साल 2002 में आई एक्शन थ्रिलर फ़िल्म आंखे के सीक्वल आंखे 2 का ऐलान किया गया । फ़िल्म की पहली किश्त से कुछ कलाकारों को बनाए रखने के अलावा कई नए कलाकार इस कड़ी में शामिल किए गए जिसमें से एक इलियाना डिक्रूज का नाम भी सामने आया ।
फ़िल्म के निर्माता गौरांग दोषी और अन्य ने कहा कि दक्षिण अभिनेत्री रेजिना कैसेंड्रा के अलावा इलियाना डिक्रूज़ को अन्य नायिका के रूप में साइन किया गया । लेकिन अब सुनने में आया है कि, इलियाना को केवल फ़िल्म के लिए संपर्क किया गया था, उन्होंने फ़िल्म साइन नहीं की है । हमें पता चला है कि, इलियाना का आंखे 2 की मुख्य अभिनेत्री होने की घोषणा बिना उनकी सहमति के की गई और इसलिए इस बात से नाराज इलियाना ने अब निर्माताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया है । वहीं दूसरी तरफ़, अमिताभ बच्चन, अरशद वारसी, फ़िल्म की घोषणा के दौरान वहां उपस्थित थे । अर्जुन रामपाल ने एक वीडियो मैसेज द्दारा फ़िल्म में होने की खबर की पुष्टी की है । जब फ़िल्म का ऐलान किया जा रहा था यब इलियाना वहां मौजूद नहीं थी । यह भी कहा जा रहा है कि, इलियाना को जब फ़िल्म का हिस्सा होने के लिए बधाई संदेश और फ़ोन आने लगे तो वो खुद इस खबर से हैरान रह गईं ।
इलियाना डिक्रूज के प्रवक्ता का दावा है कि, इलियाना वास्तव में इस फ़िल्म को नहीं कर रही हैं । साथ ही हमें पता चला है कि मेकर्स द्दारा फ़िल्म में उनका नाम इस्तेमाल करने के फ़ैसले से इलियाना बेहद दुखी हैं ।
















