
क्वांटिको की ज्यादा से ज्यादा शूटिंग करने के बाद, प्रियंका चोपड़ा अपने परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने के लिए पिछले हफ़्ते भारत लौट आई है । लेकिन वह आते ही अपने काम में जुट गई । आपको बता दें कि जी सिने अवॉर्ड्स 2018 में प्रियंका चोपड़ा ने परफ़ोर्म किया ।
रेड कार्पेट पर, प्रियंका चोपड़ा ने पद्मावती टीम के लिए अपने सपोर्ट को जाहिर किया । आपको बता दें कि संजय लीला भंसाली अपनी फ़िल्म पद्मावती को लेकर भारी मुश्किल में है और फ़िल्म पर छिड़े विवाद के चलते फ़िल्म की रिलीज डेट को भी खिसका दिया गया है । यह फ़िल्म 1 दिसंबर को रिलीज होने वाली लेकिन कुछ समूहों के विरोध के चलते फ़िल्म की रिलीज डेट को रद्द कर दिया गया । तो इसी विवाद पर बात करते हुए प्रियंका ने कहा, ''संजय सर के साथ मेरा एक अविश्वसनीय संबंध है और मैं उन्हें उनकी काफी प्रशंसा करती हूं । मुझे पता है कि यह निकल जाएगा और लोग उसके पीछे की कला को देखेंगे । उन्हें सिर्फ यह सुनिश्चित करना होगा कि सब कुछ सुलझ जाएगा । मैं हमेशा फ़िल्म के लिए, न केवल संजय सर के लिए बल्कि दीपिका, रणवीर और शाहिद के लिए भी, फ़िल्म के सपोर्ट में उनके साथ खड़ी हूं ।"
इससे पहले, प्रियंका चोपड़ा ने संजय लीला भंसाली के साथ दो फ़ि्ल्मों में काम किया है । भंसाली की फ़िल्म राम लीला में प्रियंका ने 'राम चाहे लीला' गाने को किया था और बाजीराव मस्तानी फ़िल्म में काशीबाई का किरदार निभाया था । वहीं रणवीर सिंह के साथ प्रियंका ने गुंडे और दिल धड़कने दो फ़िल्म में साथ काम किया था । प्रियंका फ़िल्म कमीने और तेरी मेरी कहानी में शाहिद कपूर के अपोजिट नजर आईं थी ।
फ़िलहाल, पद्मावती की नई रिलीज डेट अभी तक घोषित नहीं की गई है । इसमें दीपिका पादुकोण, रानी पद्मनी के किरदार में,शाहिद कपूर महारावल रतन सिंह और रणवीर सिंह सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी के किरदार में नजर आएंगे ।
















