
आपको याद है, लोकप्रिय शो 'हूं वांट्स टू बी ए मिलेनियर' और इसका भारतीय वर्जन 'कौन बनेगा करोड़पति' ? सबको करोड़पति बनाने वाले भारतीय शो केबीसी के होस्ट अमिताभ बच्चन ने 2015 में किए अपने 1.6 करोड़ रुपए के निवेश से आज 114 करोड़ रुपए कमा लिए है ।
अमिताभ ने बेटे अभिषेक के साथ मिलकर मेरीडियन टेक पीटीई में ये पैसे इनवेस्ट किए थे । पिछले हफ्ते मेरीडियन की प्राइम एसेट Ziddu.com को एक विदेशी कंपनी लॉन्गफिन कॉर्प ने खरीद लिया । इसके बाद तो सिंगापुर स्थित इस कंपनी की किस्मत चमक गई ।यह डील लॉन्गफिन कॉर्प के अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज नैस्डेक पर लिस्टिंग के दो दिन बाद हुई । मई 2015 में जब बच्चन परिवार ने मेरीडियन में निवेश किया था तो उस वक्त Ziddu.com एक क्लाउड स्टोरेज और ई-डिस्ट्रिब्यूशन स्टार्टअप हुआ करती थी । दिसंबर 2017 में यह कंपनी 'ब्लॉकचेन टेक्नॉलजी एंपावर्ड सलूशंस प्रोवाइडर' बनी और क्रिप्टोकरंसीज का इस्तेमाल करते हुए माइक्रोफाइनेंस मुहैया कराने लगी । कंपनी के नाम के दो शब्द 'ब्लॉकचेन' और 'क्रिप्टोकरंसीज' मार्केट में इस तरह जादुई साबित हुए कि इसका शेयर बुधवार से सोमवार के बीच 1000% से ज्यादा बढ़ गया ।
बच्चन परिवार ने मेरिडियन टेक में जो निवेश किया हुआ था उसके बदले में उनको लॉन्गफिन कॉर्प के करीब 250000 शेयर मिले हैं, सोमवार को इस शेयर की कीमत करीब 70 डॉलर के करीब थी यानि बच्चन परिवार के 2.5 लाख शेयरों की कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपए बैठती है जिसे डॉलर और रुपए के मौजूदा एक्सचेंज रेट पर देखा जाए तो 114 करोड़ बनते हैं । यानि ढाई साल पहले 1.6 करोड़ रुपए का निवेश अब 114 करोड़ रुपए हो गया है ।
















