कोरोनो वायरस महामारी ने पूरी दुनिया की रफ़्तार पर ब्रेक लगा दिया है । कोरोना संक्रमण को फ़ैलने से बचाने के लिए देश में लॉकडाउन की समय सीमा अब 3 मई तक बढ़ा दी है । लॉकडाउन के कारण फ़िल्म इंडस्ट्री में भी काम रुका हुआ है । इसके चलते फ़िल्म-टीवी से जुड़े दिहाड़ी मजदूर और छोटे कलाकार आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं । लेकिन कोरोना की इस संकट की घड़ी में ॠतिक रोशन फ़िर मसीहा बनकर सामने आए हैं । ॠतिक रोशन ने सिने और टीवी कलाकारों और उनके परिवारों को आर्थिक रूप से समर्थन प्रदान करने के लिए कदम आगे बढ़ाया है, जो फिल्मों व टीवी धारावाहिकों की शूटिंग के कारण सबसे मुश्किल हालातों से गुज़र रहे हैं ।

कोरोना संकट में ॠतिक रोशन CINTAA की मदद के लिए आए आगे, सुशांत सिंह ने लक्ष्य स्टाइल में किया शुक्रिया

ॠतिक रोशन का सुशांत सिंह ने जताया आभार

प्रत्येक बीतते दिन के साथ स्थिति ओर भी विकट होती जा रही है, ऐसे में ऋतिक द्वारा ज़रूरतमंद लोगों को आवश्यक चीज़े दान करने का उनका यह परोपकार प्रयास बेहद सम्मानजनक हैं । सिन्टा के प्रमुख और महासचिव सुशांत सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट पर सुपरस्टार को उनकी उदारता के लिए धन्यवाद कहा है । दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए दोनों की फिल्म लक्ष्य से अपने प्रसिद्ध देशभक्ति गीत का जिक्र किया है ।

यह पहली बार नहीं है जब अभिनेता ने चिंता व्यक्त करते हुए मदद का हाथ आगे बढ़ाया है । समय-समय पर, ऋतिक ने आवश्यक प्रयास लेते हुए समर्थन और फंड्स के साथ मदद की है, जिसका उद्देश्य बीएमसी कार्यकर्ताओं और कार्यवाहकों के लिए N95 और FFP3 मास्क की व्यवस्था करके राष्ट्र के लोगों की सहायता करना है और साथ ही जरूरतमंदों लोगों के लिए 1.2 लाख से अधिक पौष्टिक भोजन की सुविधा भी प्रदान की है ।

यह भी पढ़ें : Coronavirus: ॠतिक रोशन ने वर्कर्स और केयरटेकर्स की मदद के लिए महाराष्ट्र सरकार को डोनेट किए 20 लाख रु

एक वैश्विक समुदाय के रूप में, हम सभी को इस स्थिति से लड़ने के लिए एक साथ आने की जरूरत है और ऋतिक का यह कदम निश्चित रूप से हमारे देश के लोगों के लिए मददगार रहा हैं । यही वजह है कि ऋतिक को अपने प्रशंसकों द्वारा सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है और वह सही मायनों में कई लोगों के लिए एक रोल मॉडल है ।