पूरा देश कोरोना वायरस जैसी महामारी से जूझ रहा है । कोरोना संक्रमण को फ़ैलने से बचाने के लिए देश में लॉकडाउन लागू है । लेकिन लॉकडाउन का सबसे ज्यादा असर गरीब वर्ग और दिहाड़ी मजदूरों को हो रहा है और वे लोग इस दौरान आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं । जहां ऐसे लोगों की मदद के लिए कई बॉलीवुड सितारें आगे आ रहे हैं वहीं अभिनेता अर्जुन कपूर भी अपनी ओर से जरूरतमंद लोगों की हर संभव मदद करने की कोशिश कर रहे हैं । पिछले सप्ताहांत में अर्जुन कपूर  5 भाग्यशाली विजेताओं के साथ एक वर्चुअल डेट पर भारत के उन दैनिक वेतन भोगियों की सहायता के लिए धन जुटाने के लिए आगे आए, जिनके पास वर्तमान में कोई आय का जरिया नहीं है ।

अर्जुन कपूर की वर्चुअल डेट से भरेगा 300 दिहाड़ी मजदूरों के परिवारों का पेट

अर्जुन कपूर की वर्चुअल डेट ने 300 दैनिक वेतन भोगी परिवारों के एक माह के भोजन के लिए धन जुटाया

अर्जुन कपूर ने अपनी बहन अंशुला कपूर के ऑनलाइन फंडिंग प्लेटफॉर्म, फैनकाइंड के जरिए इस दिशा में प्रयास किया और 300 दैनिक वेतन भोगी परिवारों के एक माह के भोजन के लिए धन जुटाया । अर्जुन ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि, “कोरोना वायरस ने हम सभी को मुश्किल दौर में धकेल दिया है । अंशुला के फैनकाइंड के लिए पांच भाग्यशाली विजेताओं के साथ मेरी 30 मिनट की वर्चुअल डेट ने कई परिवारों को खिलाने के लिए पर्याप्त धन जुटाया है । इसके लिए मैं अपने सभी प्रशंसकों का आभारी हूं । चैट के दौरान जुटाई गई धनराशि के साथ ही मैंने गिव इंडिया को भी कुछ अतिरिक्त मदद पहुंचाई है ।

एक महीने के लिए मिलेगी सहायता

इस सामूहिक निधि से इन दैनिक वेतन भोगियों के परिवारों को एक महीने के लिए सहायता मिलेगी । उनका मनोबल बढ़ाने और अपने दायरे से बाहर के लोगों के साथ जुड़ने और उनके भीतर आशा और विश्वास जगाने में मुझे खुशी महसूस हुई । चाहे किसी भी तरीके से हो, इस पर जीत के लिए हमें एक-एक की हर संभव मदद करनी चाहिए ।”

अर्जुन ने कोरोना संकट की इस घड़ी में पीएम-केयर्स फ़ंड, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री राहत कोष, The Wishing Factory और बॉलीवुड फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) में अपना योगदान दिया है ।