अक्षय कुमार ने आज अपने कोस्टार्स अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख, जैकलीन फर्नांडीज, सोनम बाजवा, नरगिस फाखरी, जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर, चित्रांगदा सिंह, फरदीन खान, चंकी पांडे, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, डिनो मोरिया, रंजीत, सौंदर्या शर्मा, निकितिन धीर, निर्माता साजिद नाडियाडवाला और निर्देशक तरुण मनसुखानी के साथ मुंबई में अपनी सुपरहिट फ्रेंचाइजी हाउसफुल के 5वें पार्ट, हाउसफुल 5 का ट्रेलर लॉन्च कर दिया । इस मौके पर जब अक्षय कुमार ने मीडिया के सवालों के जवाब दिए तो हेरा फेरी 3 को लेकर सवाल आना लाजिमी था । और अक्षय ने बहुत ही समझदारी से परेश रावल के साथ हुए हेरा फेरी 3 विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी ।

Housefull 5 trailer launch: परेश रावल के साथ हेरा फेरी 3 विवाद पर अक्षय कुमार ने चुप्पी तोड़ी ; “मैंने उनके साथ 32 साल से काम किया है, हम बहुत अच्छे दोस्त रहे…”

हेरा फेरी 3 विवाद पर अक्षय कुमार ने चुप्पी तोड़ी

अक्षय ने  अपनी बातों से जाहिर किया कि परेश रावल से हुई इस अनबन का सॉल्यूशन कोर्ट से ही मिल सकता है । इसके साथ ही अक्षय ने ये भी साफ़ किया कि बावजूद इसके वो परेश के खिलाफ कुछ गलत बात सुनना पसंद नहीं करेंगे ।

ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर पत्रकार ने अक्षय कुमार से अपना सवाल पूछते हुए कहा कि बहुत से प्रशंसकों को लगता है कि परेश रावल ने इस प्रोजेक्ट को छोड़कर मूर्खता की है । इस पर अक्षय कुमार ने कहा, “सबसे पहले तो मैं अपने को-स्टार के लिए किसी भी बेवकूफी भरे शब्द की उम्मीद नहीं करता और ना ही पसंद करता हूं । ये सही नहीं है । मैंने उनके साथ 32 साल से काम किया है । हम बहुत अच्छे दोस्त रहे हैं । वो बहुत अच्छे एक्टर हैं । मैं उन्हें बहुत पसंद करता हूं । जो भी कुछ है, मैं नहीं मानता कि  ये वो जगह है जहां इस बारे में बात की जानी चाहिए । जो भी कुछ हुआ है वो बहुत सीरियस मैटर है, उसे कोर्ट में ही हैंडल किया जाना चाहिए । वही सही जगह है । तो मुझे नहीं लगता कि इस बारे में मुझे और कुछ कहना चाहिए ।”

बता दें कि बॉलीवुड हंगामा ने सबसे पहले साल की सबसे बड़ी खबर दी थी कि परेश रावल ने हेरा फेरी 3 छोड़ दी है । हमने खुद अभिनेता का एक ऑफिशियल बयान भी अपने रीडर्स को बताया था जिसमें उन्होंने इस फ्रैंचाइज़ी से बाहर होने की खबर को कंफ़र्म किया था । फिर यह विवाद तब और ज्यादा बढ़ गया जब अक्षय कुमार ने इस पूरे मामले में एंट्री ली और अपने प्रोडक्शन हाउस, केप ऑफ़ गुड फ़िल्म्स, जो हेरा फेरी 3 को प्रोड्यूस कर रही है, के माध्यम से परेश रावल पर फ़िल्म को अचानक छोड़ने, अन-प्रोफेशनल रवैये के चलते 25 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया । अक्षय कुमार की कानूनी टीम ने बताया कि परेश रावल ने कॉन्ट्रैक्ट साइन किया जिसके बाद उन्हें 11 लाख रुपये का एडावांस पेमेंट भी दिया जा चुका है और अब उन्होंने अचानक फ़िल्म छोड़ दी । फिर परेश रावल ने 11 लाख रुपये की साइनिंग राशि 15% प्रति वर्ष ब्याज के साथ लौटा दी है और हेरा फेरी सीरीज से हटने के लिए थोड़े और पैसे भी दिए हैं ।