मनोज बाजपेयी इन दिनों अपनी नेक्स्ट फ़िल्म की शूटिंग भोपाल में कर रहे हैं । इस फ़िल्म में मनोज बाजपेयी के साथ अक्षय ओबेरॉय, साकिब सलीम भी अहम रोल में नजर आएंगे । इसके अलावा मनोज की इस फ़िल्म को लेकर कोई ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई थी । लेकिन अब बॉलीवुड हंगामा ने इस फ़िल्म के बारें में कुछ अपडेट पता लगाई है जिसे ख़ुद मनोज बाजपेयी ने हमें बताया है ।

मनोज बाजपेयी की थ्रिलर
अपनी इस फ़िल्म के बारें में मनोज ने बॉलीवुड हंगामा को बताया कि, “इसे नीरज पांडे और शीतल भाटिया की फ्राइडे फायरवर्क्स द्वारा निर्मित किया गया है । यह नेटफ्लिक्स के लिए एक फिल्म है, जिसे रितेश शाह ने लिखा और निर्देशित किया है । यह दिल्ली में सेट एक थ्रिलर है । इसके अलावा, मैं आपको और कुछ नहीं बता सकता क्योंकि नेटफ्लिक्स के साथ एनडीए (गैर-प्रकटीकरण समझौता) है । मेरे कुछ बहुत ही प्रतिभाशाली सह-कलाकार हैं अक्षय ओबेरॉय, साकिब सलीम, राजीव गुप्ता, दिव्या दत्ता,” उन्होंने कहा।
जब एक्टर से पूछा गया कि वह इसमें क्या किरदार निभा रहे हैं, तो मनोज ने जवाब दिया, “मुझे यह बताने की अनुमति नहीं है। लेकिन हां, यह एक ऐसा किरदार है जिसे मैंने पहले कभी नहीं निभाया है और ऐसा भी जो मैंने पहले कभी नहीं देखा है। मैं बहुत उत्साहित हूं।”
















