860770289

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज हुई सुपरस्टार अक्षय की फिल्म रुस्तम, जिसमें वो एक नैवी ऑफ़िसर के किरदार में नजर आए थे, का नशा लोगों पर से उतरा भी नहीं है कि खिलाड़ी कुमार  ने अगले साल 15 अगस्त पर आने वाली अपनी फिल्म क्रेक का ऐलान कर दिया है । क्रेक भी कुछ-कुछ रुस्तम के जैसे होगी, ये फ़िल्म नीरज पांडे द्दारा प्रोड्यूस की जाएगी ।

अक्षय ने न केवल अपनी अगली फ़िल्म का ऐलान किया बल्कि फिल्म का पोस्टर भी शेयर किया , जिसमें एक चश्मा दिख रहा है जिसका फ्रेम टूटा हुआ है ।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फ़िल्म का टाइटल क्रेक, एक्टर-प्रोड्यूसर सचिन जोशी ने पहले ही अपने नाम रजिस्टर करवा रखा था । लेकिन उसूलों के पक्के अक्षय कुमार ने सचिन को बुलाया और फ़िल्म का टाइटल खरीदने के लिए कहा । लेकिन सचिन ने बिना एक रु लिए फ़िल्म का टाइटल अक्षय के नाम कर दिया ।

अपनी आगामी फ़िल्म क्रेक की रिलीज डेट का खुलासा करते हुए अक्षय ने ट्विट किया, स्पेशल 26 और बेबी के बाद नीरज पांडे के साथ एक और फिल्म, इस बार क्रेक के लिए साथ आ रहे हैं । फिल्म अगले साल स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज होगी । आपके प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है ।