
इसी हफ़्ते हमने आपको बताया था कि फ़िल्ममेकर अनीस बज़्मी अमिताभ बच्चन के साथ फ़िल्म आंखे 2 लेकर आ रहे हैं लेकिन फ़िल्म में अमिताभ के अलावा और कौन-कौन से कलाकार नजर आएंगे, ये जानकारी गुप्त रखी गई थी । लेकिन हमारे पास उन बाकी के कलाकारों के नाम हैं जो आंखे 2 में अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगे ।
अनिल कपूर, अरशद वारसी, अर्जुन रामपाल और इलियाना डीक्रूज फ़िल्म आंखे 2 में अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगे । बुधवार के दिन फ़िल्मसिटी में एक स्पेशल कार्यक्रम आयोजित किया गया था जहां फ़िल्म के बाकी के कलाकारों के नाम की घोषणा एक वीडियो पैकेज के माध्यम से की गई ।
अनीस बज़्मी इस फ़िल्म के निर्देशक होंगे और गौरांग दोषी निर्माता । आंखे फ़िल्म की पहली किश्त अक्षय कुमार और परेश रावल भी नजर आए थे लेकिन डेट इश्यू के चलते दोनों इसकी दूसरी किश्त में नजर नहीं आएंगे ।
गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन जल्द ही सोशल ड्रामा फ़िल्म पिंक में एक वकील की भूमिका में नजर आएंगे जबकि अर्जुन रामपाल जल्द ही रॉक ऑन 2 में नजर आएंगे । वहीं अनिल कपूर इन दिनों अपने टीवी सीरिज 24 में व्यस्त हैं जबकि इलियाना हालिया रिलीज फ़िल्म रुस्तम में नजर आईं थी और अरशद वारसी हालिया रिलीज फ़िल्म द लीजेंड ऑफ़ माइकल मिश्रा फ़िल्म में नजर आए थे ।
















