बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है । जान से मारने की धमकी मिलने के बाद जहां एक तरफ़ सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है । वहीं दूसरी तरफ़ मुंबई पुलिस ने इस मामले में धमकी भेजने वाले शख़्स के ख़िलाफ़ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया है । गौरतलब है ये संदिग्ध आरोपी हरियाणा का रहने वाला है और यूके में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है ।

सलमान खान की सुरक्षा में उठाया ये कदम
सलमान को धमकी भरे ईमेल भेजने वाले आरोपी व्यक्ति के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है । ईमेल गोल्डी बराड़ नाम से भेजा गया है । भेजे गए ईमेल में सलमान को जान से मारने की धमकी थी । मामले में आरोपी माने गए गोल्डी बराड़ के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने के साथ ही मुंबई पुलिस ने जांच तेज कर दी है ।
सलमान को भेजे गए कथित मेल में जान से मारने की धमकी दी गई थी । इस मेल में लिखा था, “तेरे बॉस सलमान खान से गोल्डी भाई (गोल्डी बरार) को बात करनी है । लॉरेंस बिश्नोई का इंटरव्यू तो देख ही लिया होगा । नहीं देखा हो तो बोल देना कि देख लें । मैटर क्लोज करना है तो बात करवा देना । फेस टू फेस बात करनी हो वो बता देना । अब समय रहते सूचित कर दिया है, अगली बार झटका ही देखने को मिलेगा ।”
हाल ही में सलमान ने आप की अदालत में मिलने वाली धमकियों और उसके चलते बढ़ाई गई सुरक्षा के बारें में खुलकर बात की । सलमान ने कहा कि ये धमकियां सीरियस हैं, और इसलिए सिक्योरिटी रखी गई है । मैं वह सब कर रहा हूं, जो मुझसे करने को कहा जा रहा है । बाकी जो होना होगा, वह होगा । इसके अलावा सलमान ने अपनी बढ़ाई गई सुरक्षा के बारें में खुलकर बात की थी । सलमान ने कहा था कि सुरक्षा, असुरक्षा से बेहतर है । वह अब कहीं अकेले नहीं जा पाते । सड़क पर अकेले साइकिल चलाना उनके लिए संभव नहीं है । जब वह ट्रैफिक में होते हैं, तब ऐसा होता है कि लोगों को उनके कारण यातायात संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ता है । फिर वह उन्हें घूरने लगते हैं ।
















