
कुछ महीने पहले, फ़िल्ममेकर करण जौहर ने इस बात की पुष्टी की थी कि वो अपने टॉक शॉ कॉफ़ी विद करण के नए सीजन साथ जल्द ही आ रहे हैं । जैसे ही इस लोकप्रिय शो के नए सीजन का ऐलान हुआ वैसे ही अफ़वाहों का बाजार गर्म हो गया और ये कयास लगाए जाने लगे कि कॉफ़ी विद करण के नए सीजन के पहले मेहमान कोई और नहीं बल्कि बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान होंगे, लेकिन अब इन खबरों पर विराम लगाते हुए एक खबर आ रही है कि इस शो के पहले मेहमान खान तो होंगे लेकिन शाहरुख खान नहीं बल्कि पाकिस्तानी अभिनेता फ़वाद खान ।
करण जौहर के लोकप्रिय टॉक शो कॉफ़ी विद करण के पहले मेहमान फ़वाद खान होंग़े । फ़िल्म कपूर एंड संस में अपने शानदार अभिनय से वाहवाही लूट चुके फ़वाद खान के प्रशंसकों की लिस्ट अब काफ़ी लंबी हो चुकी है । एक और अफ़वाह है कि फ़वाद खान या तो दीपिका पादुकोण को या आलिया भट्ट को भी ज्वांन करेंगे । फ़िलहाल दूसरे मेहमान के बारें में अभी कुछ भी तय नहीं है , लेकिन हम इस सीजन के दिलचस्प होने की उम्मीद जरूर लगा सकते हैं ।
गौरतलब है कि, फ़वाद खान जल्द ही करण जौहर द्दारा निर्देशित रोमांटिक ड्रामा फ़िल्म ऐ दिल है मुश्किल में नजर आएंगे , यह फ़िल्म 28 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















