आरआरआर स्टार जूनियर एनटीआर बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन के साथ यशराज फ़िल्म्स की स्पाई थ्रिलर वॉर 2 से अपना हिंदी डेब्यू करने जा रहे हैं । वॉर 2 में जूनियर एनटीआर एक दमदार रोल में नजर आने वाले हैं जिसकी सारी जानकारी फ़िलहाल सीक्रेट रखी गई है । लेकिन आज वॉर फ्रेंचाइजी के ओरिजनल हीरो ऋतिक रोशन ने अपनी एक लेटेट्स सोशल मीडिया पोस्ट से जूनियर एनटीआर के फैंस की प्रत्याशा बढ़ा दी । इसी बीच बॉलीवुड हंगामा को वॉर 2 के बारें में एक्सक्लूसिव अपडेट मिली है ।

EXCLUSIVE: यशराज फिल्म्स जूनियर एनटीआर की बर्थडे पर लॉन्च करेगा वॉर 2 का टीजर

जूनियर एनटीआर के बर्थडे पर आएगा वॉर 2 का टीजर

अयान मुखर्जी द्वारा निर्देशित और यश राज फिल्म्स द्वारा निर्मित, 2019 की ब्लॉकबस्टर वॉर की एक्शन से भरपूर सीक्वल, वॉर 2 YRF स्पाई यूनिवर्स की सबसे मचअवेटेड फिल्मों में से एक है । ऐसे में अब इस हाई-ऑक्टेन थ्रिलर के लिए एक्साइटमेंट थोड़ा और बढ़ाने वाला है क्योंकि मेकर्स ने टीजर रिलीज करने का दिन लॉक कर लिया है । बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि, यशराज फिल्म्स एनटीआर के जन्मदिन (20 मई 2025) के मौके पर वॉर 2 का टीजर रिलीज करने वाली है ।

बॉलीवुड हंगामा ने अपने विश्वसनीय सूत्रों के माध्यम से इन कयासों की पुष्टि की जिसमें सूत्र ने कहा कि मेकर्स असल में जूनियर एनटीआर के फैंस के लिए बर्थडे सरप्राइज के रूप में वॉर 2 के टीज़र को रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे हैं । इंडस्ट्री के एक जाने-माने सूत्र ने बताया, “वॉर 2 जूनियर एनटीआर के लिए खास है क्योंकि यह उनकी पहली हिंदी फिल्म है । उनके किरदार को लेकर पहले से ही काफी उत्सुकता है । इस महीने में उनका जन्मदिन पड़ना निर्माताओं के लिए काफी रोमांचक था, जो उनके प्रशंसकों को कुछ खास देने के लिए उत्सुक थे । सभी की निगाहें फिल्म पर हैं और उन सभी के लिए एक खास तोहफा के तौर पर टीजर से बेहतर और क्या हो सकता है ।”

14 अगस्त, 2025 को रिलीज होने वाली यह फिल्म जूनियर एनटीआर की बॉलीवुड में पहली बड़ी शुरुआत है । जहां ऋतिक एक बार फिर से अपने किरदार कबीर के रूप में वापस लौटेंगे, वहीं जूनियर एनटीआर एक पावरफुल विलेन की भूमिका में नजर आएंगे । ऋतिक और एनटीआर के अलावा  वॉर 2 में कियारा आडवाणी भी अहम रोल में नजर आने वाली हैं ।

अब तक, निर्माताओं ने फ़िल्म की हर एक फुटेज और किरदारों के लुक को गुप्त रखा है, जिससे फिल्म के इर्द-गिर्द जिज्ञासा बनी हुई है । 20 मई को टीजर का अनावरण होने के साथ, वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स में अब तक के सबसे धमाकेदार खुलासे के लिए उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी ।