70 और 80 के दशक में हिंदी सिनेमा की बेहतरीन अभिनेत्री में से एक बीते जमाने की अदाकार बिंदू ने अपने फ़िल्मी करियर में कई यादगार परफ़ॉर्मेंस दी है लेकिन उन्हें हमेशा इस बात का मलाल रहा की उन्हें उनके करियर के शुरुआती वर्षों में फ़िल्मफ़ेयर जैसा पुरस्कार कभी नहीं मिला । बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में बिंदू ने अपने दिल में छुपे इस दर्द को पहली बार बाहर निकाला और खुलासा किया कि प्रतिष्ठित फिल्मफेयर पुरस्कारों के लिए नौ बार नामांकित होने के बावजूद भी उन्हें एक बार भी फिल्मफेयर पुरस्कार नहीं मिला जबकि ज़या बच्चन को फिल्म गुड्डी (1971) में उनके प्रदर्शन के लिए ये अवॉर्ड दिया गया ।

EXCLUSIVE: बीते जमाने की दिग्गज अभिनेत्री बिंदू ने इतने सालों बाद किया फ़िल्मफ़ेयर अवॉर्ड को लेकर ये खुलासा, कहा-  “सबसे ज्यादा वोट्स मिलने के बावजूद भी मुझे ये अवॉर्ड नहीं दिया ; लेकिन जया बच्चन को फ़िल्म गुड्डी के लिए दे दिया”

बिंदू ने बताया फ़िल्मफ़ेयर अवॉर्ड का काला सच

फिल्मफेयर पुरस्कार हमेशा से ही अपने पक्षपातपूर्ण रवैये के लिए सुर्ख़ियों में बना रहता है । और इस बार दिग्गज अभिनेत्री बिंदु ने इसको लेकर एक खुलासा किया है । बिंदू ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “ये अंदर की बात है जो मुझे कहीं से पता चली कि, फ़िल्मफ़ेयर में सबसे ज्यादा वोट्स मिलने के बावजूद भी मुझे ये अवॉर्ड नहीं दिया गया । और ऐसा एक दो बार नहीं बल्कि तीन से चार बार हुआ और हमेशा से फ़िल्मफ़ेयर में होता आ रहा है ।”

इसके अलावा बिंदू ने आगे कहा, “मुझे दो रास्ते के लिए नॉमिनेट किया गया था । लेकिन उन्होंने ये कहकर मुझे ये अवॉर्ड नहीं दिया की, ‘हम आपको आपकी पहली फिल्म के लिए एक पुरस्कार कैसे दे सकते हैं ?’ लेकिन वहीं उन्होंने जया भादुड़ी (बच्चन) को गुड्डी के लिए एक पुरस्कार दिया क्योंकि वह फ़िल्म की लीड एक्ट्रेस  थीं । जबकि उन्होंने मुझे नहीं दिया । मुझे दास्तान के लिए भी नॉमिनेट किया गया था । मुझे वोट मिले, लेकिन फिर से उन्होंने मुझे अवॉर्ड नहीं दिया ।”

फ़िल्मफ़ेयर जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार को न मिलने से बिंदू को काफ़ी निराशा हुई । इस पर उन्होंने आगे कहा, “तब मुझे बुरा लगता था । हालाँकि यह अब बहुत पुरानी घटना है, यह आपके साथ रह जाती है । जब कोई कलाकार इंडस्ट्री में नया होता है और उसे कोई अवॉर्ड मिलता है तो उत्साह और खुशी अलग ही तरह की होती है । यह आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है । मैं ये ही कहूँगी कि नए कलाकारों को उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए पुरस्कार दें ।”

बिंदू अपने फ़िल्मी करियर में कई ब्लॉकबस्टर फ़िल्मों का हिस्सा रहा चुकी हैं जिसमें शामिल हैं- हम आपके हैं कौन, मैं हूं न, जुड़वां, क्रांतिवीर, ओम शांति ओम इत्यादि ।