बॉलीवुड हंगामा को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में दिग्गज अभिनेता परेश रावल ने अपनी अपकमिंग फिल्मों हेरा फेरी 3 और वेलकम टू द जंगल को लेकर बड़ा अपडेट दिया। हाल ही में खबर आई थी कि परेश रावल ने हेरा फेरी 3 छोड़ दी है, जिससे सोशल मीडिया पर काफी हंगामा मच गया था। हालांकि अब परेश रावल ने साफ किया है कि फिल्म पर काम जारी है और सब कुछ ठीक है।

EXCLUSIVE: परेश रावल ने अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर वेलकम टू द जंगल की मार्च-अप्रैल 2026 की रिलीज को किया कंफर्म

वेलकम टू द जंगल पर परेश रावल का बड़ा अपडेट

हेरा फेरी 3 का निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं और इसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल एक बार फिर साथ नजर आएंगे। वहीं, वेलकम टू द जंगल की शूटिंग नवंबर-दिसंबर से दोबारा शुरू होगी। इस बारे में परेश रावल ने कहा, “बहुत ज़बरदस्त और बहुत ही धमाल फिल्म है। इसे मार्च या अप्रैल 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।”

अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार और परेश रावल के अलावा सुनील शेट्टी, अर्शद वारसी, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, कृष्णा अभिषेक, किकु शारदा, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडीज़, दिशा पाटनी, दलैर मेहंदी, मीका सिंह और कई अन्य सितारे नज़र आएंगे।

इंटरव्यू के दौरान परेश रावल से उनके एक क्रिप्टिक ट्वीट पर भी सवाल किया गया। दरअसल, 13 सितंबर को भारत-पाकिस्तान मैच से पहले उन्होंने केवल ‘No’ लिखकर पोस्ट किया था। इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “कुछ नहीं। मेरे विचार उन्हीं दो अक्षरों – N और O में समाए हुए हैं।”