कोरोना महामारी के कारण बंद पड़े सिनेमाघरों के चलते डिजीटल प्लेटफ़ॉर्म्स पर एक के बाद एक फ़िल्में रिलीज हो रही हैं । रिलीज के लिए अटकी फ़िल्में ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म के लुभावने ऑफ़र्स को इंकार नहीं कर पा रही हैं । और अब हमने सुना है कि इस साल की बहुप्रतिक्षित फ़िल्मों में से एक रोहित शेट्टी की कॉप ड्रामा सूर्यवंशी और कबीर खान की स्पोर्ट्स ड्रामा 83 भी ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पर रिलीज हो सकती है । जानकार सूत्र ने हमें बताया है कि अक्षय कुमार अभिनीत सूर्यवंशी और रणवीर सिंह की 83 दोनों ही फ़िल्में रिलायंस एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित हैं ।

EXCLUSIVE: सिनेमाघर खुलने का अब और इंतजार नहीं कर सकती अक्षय कुमार की सूर्यवंशी और रणवीर सिंह की 83, ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पर हो सकती है रिलीज

अक्षय कुमार की सूर्यवंशी और रणवीर सिंह की 83 ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पर हो सकती है रिलीज

इस बारें में रिलायंस एंटरटेनमेंट के सीईओ शिबाशीश सरकार ने मुझे बताया कि, “हम तो 100 प्रतिशत अपनी फ़िल्मों को थिएटर में ही रिलीज करना चाहते हैं । लेकिन वहीं हम अब अपनी फ़िल्मो को रिलीज करने में और देरी नहीं करना चाहते हैं । इसका मतलब है कि हम तय रिलीज डेट, जो कि दिवाली और क्रिसमस है, से उन्हें आगे बढ़ाना पसंद नहीं करेंगे । इस डेट तक यदि सिनेमाघर खुल जाते हैं और दर्शक पहले की तरह आना शुरू हो जाते हैं, तब तो फ़िल्म सिनेमाघर में ही रिलीज होगी ।”

हालाकिं जब से लॉकडाउन लगा है तब से अब पहली बार शिबाशीश सरकार ने ये स्वीकार किया है कि अक्षय की सूर्यवंशी और रणवीर की 83 डिजीटल प्लेटफ़ॉर्म पर रिलीज हो सकती है । “यदि सिनेमाघर नहीं खुलते हैं या कोरोना का दुष्प्रभाव ज्यादा ही देखने को मिलता है और जिसके कारण दर्शक सिनेमाघर तक नहीं आते हैं या कुछ राज्यों में सिनेमाघर खोलने की अनुमति मिल जाए और कुछ में नहीं तो ऐसी स्थिती में हमें अन्य विकल्पों पर विचार करना ही होगा ।

यह भी पढ़ें : EXCLUSIVE: अक्षय कुमार की सूर्यवंशी और रणवीर सिंह की 83 सिर्फ़ सिनेमाघर में ही रिलीज होगी, सामने आई नई रिलीज डेट

या तो पूरी तरह से SVOD (वीडियो ऑन डिमांड) या टीवीओडी / पीपीवी (प्रति दृश्य भुगतान) जैसे विकल्पों को चुनने की प्लानिंग कर रहे हैं । या फ़िर पार्ट थिएट्रिकल / पार्ट टीवीओडी भी एक विकल्प है । बेसिकली, अब हम और अपनी फ़िल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ाना पसंद नहीं करेंगे । सबसे पहले थिएट्रिकल रिलीज की ही कोशिश करेंगे लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाता है तो फ़िर अन्य विकल्प पर जाएंगे ।”