
पहले हमने आपको बताया था कि इमरान हाशमी अभिनेता से निर्माता बनने की तैयारी कर रहे हैं । इमरान हाशमी एक अच्छी स्क्रिप्ट के साथ अपने प्रोडक्शन का डेब्यू करना चाहते थे । और अब लगता है इमरान की तलाश पूरी हो गई । खबर है कि इमरान के प्रोडक्शन के बैनर तले बनने वाली पहली फ़िल्म असल जिंदगी की घटना पर आधारित होगी ।
मसाला फ़िल्में जिसके लिए इमरान हाशमी जाने जाते हैं, के विपरीत एक निर्माता के रूप में इमरान हाशमी कुछ अलग तरह की फ़िल्म बनाना चाहते हैं । भारत-पाक सीमा विवाद देश का सबसे ज्वलंत मुद्दा है और इसी मुद्दे पर आधारित होगी इमरान हाशमी की एक निर्माता के रूप में पहली फ़िल्म । फ़िल्म की पूरी पृष्ठभूमि भारतीय सेना पर आधारित होगी । फिल्म के बारे में जानकारियों का खुलासा करते इस फ़िल्म के सह-निर्माता और निर्देशक टॉनी डिसूजा ने कहा कि उनकी आगामी फ़िल्म कारगिल युद्ध के दौरान घटित हुए कुछ वास्तविक घटनाओं पर आधारित होगी । वहीं दूसरी तरफ़, इमरान, जिसने टॉनी डिसूजा के साथ अजहर फ़िल्म में साथ काम किया था, ने कहा कि वह निश्चित रूप से अच्छी तरह से इस विषय को संभाल लेंगे । हालांकि दोनों ने अभी फ़िल्म की कास्टिंग को लेकर चुप्पी बनाई हुई है ।
फ़िल्म बड़े पैमाने पर दिल्ली, हैदराबाद में शूट की जाएगी और इसके बाद फ़िल्म की बाकी की शूटिंग लंदन में की जाएगी । टॉनी ने कहा कि इस फ़िल्म की शूटिंग दिसंबर-जनवरी से शुरू हो जाएगी जिस दौरान वो बर्फ़ के सीन की शूटिंग शुरू कर देंगे ।
















