
अरशद वारसी की लेटेस्ट रिलीज फ़िल्म द लीजेंड ऑफ़ माइकल मिश्रा जो आज ही देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, आते ही एक बहुत बड़ी मुश्किल में फ़ंस गई है । ये फ़िल्म पूरे भारत में रिलीज हुई है सिवाय पंजाब के, क्योंकी पंजाब सरकार ने इस फ़िल्म को पंजाब में रिलीज करने से रोक दिया है ।
गुरुवार के दिन, पंजाब सरकार के एक प्रवक्ता ने एक आधिकारिक बयान में फिल्म के प्रतिबंध की घोषणा जारी की और कहा कि, पंजाब सरकार ने फिल्म की रिलीज पर दो महीने के लिए बैन लगा दिया है । प्रतिबंध अवधि के दौरान इस फिल्म को राज्य में गैर पंजीकृत माना जाएगा । उन्होंने बताया कि फ़िल्म पर रोक फिल्म में महर्षि वाल्मीकि को लेकर की गई टिप्पणी पर राज्य में वाल्मीकि समुदाय की नाराजगी को देखते हुए लगाई गई है । उनके मुताबिक, राज्य में बड़ी मुश्किल से स्थापित शांति एवं सौहार्द के माहौल को बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया, क्योंकि इस फिल्म की रिलीज राज्य में व्यापक प्रतिरोध को भड़का सकती है ।
निर्देशक मनीष झा की हास्य फ़िल्म द लीजेंड ऑफ़ माइकल मिश्रा में अरशद वारसी, अदिती राय हैदरी, बोमन ईरानी और केयोज़ ईरानी मुख्य भूमिका में हैं ।
















