कोरोना संकटकाल में सुपरहीरो बनकर हजारों लोगों की मदद करने वाले बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद की दरियादिली ने हर किसी का दिल जीत लिया । इसलिए अब सोनू सूद को एक विशेष सम्मान दिया गया है । इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया ने सोनू को पंजाब स्टेट आइकन के रूप में नियुक्त किया है । इस बारे में पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस करुणा राजू के हवाले से कहा गया कि उनके कार्यालय ने भारत निर्वाचन आयोग को इस संबंध में एक प्रस्ताव भेजा था, जिसने इसे मंजूर कर लिया ।

सोनू सूद को मिला सम्मान
पंजाब के मोगा जिले से ताल्लुक रखने वाले ऐक्टर सोनू पंजाब का आइकन बनने के बाद राज्य में चुनाव से संबंधित जागरुकता अभियान चलाएंगे । वैसे इससे पहले सोनू की दरियादिली से प्रभावित होकर सुंयक्त राष्ट्र संघ ने उन्हें 'एडीजी स्पेशल ह्यूमैनिटेरियन एक्शन अवार्ड' से सम्मानित किया था ।
हिंदी, पंजाबी और दक्षिण भारतीय फ़िल्मों में काम करने वाले अभिनेता सोनू व उनकी टीम ने महामारी के दौरान लॉकडाउन में दूसरे शहरों में फंसे हजारों की संख्या में प्रवासी मजदूरों को अपने खर्चे पर उन्हें उनके घर पहुंचाने से लेकर बेरोजगार हुए प्रवासियों को घर और रोजगार दिलाने का काम कर, कई तरह से जरूरतमंद लोगों की मदद की । इतना ही नहीं सोनू ने होनहार गरीब बच्चों के लिए स्कॉलरशिप कार्यक्रम भी शुरू किया ताकि वे बच्चें अपनी मनपसंद पढ़ाई कर सके । अपनी इसी नेक दरियादिली के कारण सोनू मसीहा बनकर उभरे । अपने इसी अनुभव को अब उन्होंने एक किताब की शक्ल की दी है जिसका नाम है ‘आई एम नो मसीहा’ ।
















