लोकप्रिय टीवी शो नागिन 3 के एक्टर पर्ल वी पुरी को नाबालिग से रेप के आरोप में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था । हालांकि अब पर्ल वी पुरी को इस मामले में जमानत मिल गई है । 4 जून को पर्ल के खिलाफ आईपीसी की धारा CR IPC 376 AB, r/w POCSO Act 4, 8, 12,19, 21 के तहत अरेस्ट किया था । पर्ल वी पुरी के सपोर्ट में अब नागिन की प्रोड्यूसर एकता कपूर खुलकर सामने आई हैं । एकता कपूर ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि पीड़िता की मां ने उन्‍हें बताया है कि पर्ल निर्दोष हैं ।

नागिन फ़ेम पर्ल वी पुरी पर लगे नाबालिग से रेप के आरोप को एकता कपूर ने झूठा बताया, कहा- ‘पीड़िता की मां ने कहा कि पर्ल निर्दोष हैं’

एकता कपूर का दावा पर्ल वी पुरी निर्दोष हैं

एकता ने पर्ल के साथ फोटो शेयर करते हुए न्याय की गुहार लगाई है । एकता ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि, “क्‍या मैं बच्‍ची के शोषण करने वाले या किसी तरह के किसी ऐसे शख्‍स को सपॉर्ट करूंगी ? लेकिन बीती रात से अब तक जो मैंने देखा, वह नीचता है । इंसानियत इतनी कैसे गिर सकती है ? कैसे लोग जो एक-दूसरे से परेशान हैं, किसी तीसरे को अपने झगड़े में खींच सकते हैं ? कैसे कोई इंसान दूसरे इंसान के साथ ऐसा कर सकता है ? पीड़ित बच्‍ची की मां से फोन पर कई बार बात हुई । उन्‍होंने कहा कि पर्ल इसमें शामिल नहीं था और उनके पति ही कहानियां गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं और साबित करना चाह रहे हैं कि सेट पर काम करने वाली मां अपने बच्‍चे का ध्‍यान नहीं रख सकती ।'

एकता ने आगे लिखा, “अगर यही सच है तो कई स्‍तर पर यह गलत है ! इतने महत्‍वपूर्ण मी टू मूवमेंट का अपने एजेंडा के लिए इस्‍तेमाल करना, बच्‍ची को टॉर्चर करना और निर्दोष शख्‍स को दोषी बताना ओछापन है । मुझे कुछ भी डिसाइड करने का अधिकार नहीं है, कोर्ट तय करेगी कि कौन सही है और कौन गलत । मेरी राय सिर्फ बच्‍ची की मां के आधार पर है जिन्‍होंने मुझसे कल रात कहा कि पर्ल निर्दोष है । यह दुखी करने वाला है, अगर लोग गलत तरीके अपना रहे हैं ।'

“मेरे पास बच्‍ची की मां और मेरे कई वॉइस नोट्स और मेसेज हैं जिनसे पता चलता है कि पर्ल के खिलाफ आरोप झूठे हैं । फिल्‍म इंडस्‍ट्री दूसरे बिजनस की तरह ही सुरक्षित और असुरक्षित है । अपने एजेंडा के लिए इसे बुरा कहना सबसे बड़ी नीचता है । अगर पर्ल निर्दोष साबित होता है तो मैं लोगों से अपील करती हूं कि वे देखें कि आज के समय में किस तरह मूवमेंट्स का गलत इस्‍तेमाल हो रहा है । न्याय की जीत हो ।”

बता दें कि पर्ल की गिरफ्तारी से फैंस के साथ-साथ टीवी सेलेब्स को भी बड़ा झटका लगा है । ऐसे में कई सेलेब्स पर्ल वी पुरी के सपोर्ट में खड़े हुए हैं ।

पर्ल के वर्क फ़्रंट की बात करें तो उन्होंने नागिन 3 के अलावा अन्य टीवी प्रोजेक्ट्स भी किए हैं जिसमें शामिल हैं_ उन्हें दिल की नजर से खूबसूरत, फिर भी ना माने बदतमीज दिल, मेरी सासू मां, नागार्जुन एक योद्धा, बेपनाह प्यार और ब्रह्मराक्षस 2 में देखा गया था. वे बिग बॉस 12 और 13 में बतौर गेस्ट भी नजर आ चुके हैं ।