टीवी एक्ट्रेस से बॉलीवुड एक्ट्रेस बनीं यामी गौतम आज फ़िल्ममेकर आदित्य धर के साथ शादी के बंधन में बंध गई हैं । इस बात की जानकारी खुद यामी गौतम ने आदित्य के साथ अपनी शादी की तस्वीर पोस्ट करके दी । बता दें कि यामी और आदित्य ने उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक में एक साथ काम किया था । यामी गौतम ने अपनी शादी की पहली तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की ।

यामी गौतम ने उरी के निर्देशक के साथ शादी रचाई
यामी ने लिखा- “तुम्हारी रोशनी के साथ, मैंने प्यार करना सीखा ।” इसके आगे यामी लिखती हैं, “हमारे परिवार के आशीर्वाद के साथ, हम आज चुनिंदा लोगों के बीच शादी के बंधन में बंध गए । हमने इस खास मौके को अपने करीबियों और परिवार के साथ सेलिब्रेट किया । हम आज दोस्ती और प्यार की एक नई शुरुआत कर रहे हैं, ऐसे में आप सभी के प्यार और शुभकामनाओं की जरूरत है । प्यार- यामी और आदित्य ।”
आदित्य धर ने 2019 में आई ब्लॉकबस्टर फ़िल्म उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक के साथ निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा था । और इस फ़िल्म में यामी भी लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आईं थी ।
इससे पहले यामी ने विकी डोनर, बाला जैसी कई फ़िल्मों में भी काम किया है । इसके अलावा यामी ने कई साउथ फ़िल्मों में भी अभिनय किया है ।
















