राज ठाकरे की राजनीतिक पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS/मनसे) के निशाने पर इस बार कॉमेडियन कपिल शर्मा और उनका शो, द ग्रेट इंडियन कपिल शो आ गया है । भाषा विवाद और कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी के बाद अब मनसे नेता ने कपिल शर्मा और नेटफ्लिक्स को धमकी दी है, कि कपिल अपने शो में मुंबई को ‘बॉम्बे’ कहना तुरंत बंद करे ।

कपिल शर्मा को मिली चेतावनी
दरअसल, सालों पहले बॉम्बे को आधिकारिक रूप से मुंबई नाम दिया गया । लेकिन कपिल के शो में अभी भी मुंबई को बॉम्बे कहा जा रहा है । इस बात पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने आपत्ति जताई है । महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के फिल्म विंग के प्रमुख अमेय खोपकर का कहना है कि 1995 में महाराष्ट्र सरकार और 1996 में केंद्र सरकार द्वारा बॉम्बे का नाम बदलकर मुंबई किया गया था । इसके बावजूद, कई सितारे, राजनेता राजनेता और शो होस्ट अभी भी पुराने नाम का इस्तेमाल करते हैं, जो सही नहीं है । उन्होंने इस बारे में सतर्क रहने और मुंबई नाम का ही उपयोग करने की विनती की है। इसी के साथ उन्होंने हुमा कुरैशी, साकिब सलीम, शिल्पा शेट्टी, शमिता शेट्टी वाले एपिसोड का एक क्लिप शेयर करते हुए अपनी बात कही । यहां हुमा अपनी मुंबई आने की जर्नी शेयर करते हुए शहर को बॉम्बे कह रही हैं ।
अमेय खोपकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक ट्वीट कर लिखा, “बॉम्बे का आधिकारिक नाम बदलकर मुंबई रखे जाने के 30 साल बाद भी, बॉलीवुड के कपिल शर्मा शो में सेलिब्रिटी मेहमानों, दिल्ली के राज्यसभा सांसदों, शो के एंकरों और कई हिंदी फिल्मों में बॉम्बे शब्द का जिक्र होता रहता है! 1995 में महाराष्ट्र सरकार और 1996 में केंद्र सरकार की आधिकारिक मंजूरी के बाद, यह चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता से पहले मुंबई बन गया । इसे एक चेतावनी के बिना, मुंबई का जिक्र सम्मानपूर्वक करने का अनुरोध समझें ।”
बॉम्बेचे मुंबई अधिकृत नामकरण होऊन ३० वर्षे झाली तरी अजूनही बॉलिवूड मधील कपिल शर्मा शो यात सेलिब्रिटी गेस्ट, दिल्लीस्थित राज्यसभा खासदार, शो अँकर आणि अनेक हिंदी चित्रपटात सर्रास बॉम्बे हा उल्लेख होत आहे. १९९५ महाराष्ट्र शासन व १९९६ मध्ये केंद्र शासनाची अधिकृत… pic.twitter.com/KKa7TazDJ0
— Ameya Khopkar (@MNSAmeyaKhopkar) September 11, 2025
MNS नेता ने अपने ट्वीट में शो के उस हिस्से को पोस्ट किया है जिसमें अभिनेत्री हुमा कुरैशी मुंबई को बॉम्बे कहकर पुकार रही हैं । हालांकि अभी तक उनकी दी इस चेतावनी पर कपिल शर्मा की टीम से रिप्लाई आना बाकी है ।
MNS नेता अमेय खोपकर ने अपनी पोस्ट को लेकर कहा कि बाकी शहरों के नाम कपिल शर्मा सही लेते हैं, लेकिन हमारे शहर का अपमान क्यों कर रहे हैं । आपसे जो गलती हुई है, उसे सुधारिए. अगर ऐसा नहीं होता है तो एमएनएस की तरफ से आंदोलन होगा । उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर पिछले कई सालों से हम बोल रहे हैं, जो लोग मुंबई को बॉम्बे बोलते हैं उन्हें हमारे गुस्से का सामना करना ही पड़ेगा ।
















