मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती रहे अभिनेता धर्मेंद्र को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज करके अब उनके लिए घर पर ही आईसीयू वॉर्ड तैयार किया गया है जहाँ उनका इलाज चल रहा है । इस बीच बुधवार को धर्मेंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जो कथित तौर पर ब्रीच कैंडी अस्पताल में चल रहे उनके उपचार के दौरान का था । 12 नवंबर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें धर्मेंद्र वैंटिलेटर पर नजर आ रहे हैं और वहां मौजूद उनके परिवार के सदस्य रो रहे हैं । इस वीडियो को हॉस्पिटल के एक स्टाफ मेंबर ने चोरी-छिपे रिकॉर्ड किया था, जिस पर पुलिस ने एक्शन लेते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।

धर्मेंद्र के इलाज का वीडियो बनाकर उसे लीक करने वाले हॉस्पिटल कर्मचारी को पुलिस ने किया अरेस्ट ; सनी देओल, अमिताभ बच्चन, करण जौहर समेत पूरी इंडस्ट्री ने ऐसी ‘असंवेदनशील’ मीडिया कवरेज पर उठाए सवाल

धर्मेंद्र के इलाज का वीडियो वायरल करने वाला अरेस्ट

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने पुष्टि की है कि मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के एक कर्मचारी को निजता के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कर्मचारी ने आईसीयू के अंदर दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और उनके परिवार का एक निजी वीडियो रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल हुए इस वीडियो में देओल परिवार के सदस्यों को देखा जा सकता है। वीडियो में धर्मेंद्र नजर आ रहे हैं, जिनके आसपास परिवार के सदस्य खड़े हैं और भावुक हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि उस व्यक्ति ने बिना अनुमति के फुटेज को ऑनलाइन शेयर किया था, जिससे धर्मेंद्र व उनके परिवार की निजता व निजता के नियमों का उल्लंघन हुआ।

89 वर्षीय दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र को सांस लेने में तकलीफ थी, जिसके चलते उन्हें 10 नवंबर को ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया था । वो दो दिन वैंटिलेटर पर थे। कई दिन मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में ही उनका उपचार चला व 12 नवंबर को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। अभिनेता के लिए उनके जुहू स्थित घर पर ही आईसीयू वार्ड तैयार किया गया है, जहां चार नर्स और एक डॉक्टर की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

जहां हर कोई धर्मेंद्र की हेल्थ की चिंता में परेशान हैं वहीं कुछ मीडिया कर्मी या पैपराजी उनके घर के बाहर खड़े नज़र आ रहे हैं । ये देखकर सनी देओल का गुस्सा फूट गया । सनी देओल ने मीडिया पर नाराजगी जताते हुए फोटोग्राफर्स और पैपराजी से कहा- “आपके घर में भी मां-बाप हैं, बच्चे हैं, आपको शर्म नहीं आती ?”

धर्मेंद्र के निधन की खबरों और हॉस्पिटल से वीडियो लीक होने के बाद अमिताभ बच्चन ने शुक्रवार को एक फेसबुक पोस्ट शेयर कर लिखा, “कोई एथिक नाम की चीज ही नहीं ।”

इसके अलावा IFTDA (इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन) के प्रेसिडेंट अशोक पंडित ने धर्मेंद्र की हेल्थ पर इनसेंसिटिव कवरेज पर नाराजगी जताते हुए शिकायत दर्ज करवाई है। एसोसिएशन द्वारा शेयर किए गए नोट में लिखा गया है, “IFTDA कुछ पैपराजी द्वारा धर्मेंद्र जी की सेहत को लेकर की गई दखलअंदाज और असंवेदनशील रिपोर्टिंग की घोर निंदा करता है। उनका यह लापरवाह व्यवहार बिल्कुल अस्वीकार्य और अमानवीय है। एक औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज की जा चुकी है, और हम कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं ताकि ऐसी अभद्रता दोबारा कभी न हो।”

वहीं करण जौहर ने लिखा है, “जब बुनियादी शिष्टाचार और संवेदनशीलता हमारे दिलों और हमारे व्यवहार से निकल जाते हैं, तो हमें समझ जाना चाहिए कि हम एक बर्बाद होती नस्ल बन रहे हैं। कृपया उस परिवार को अकेला छोड़ दीजिए। वे पहले ही भावनात्मक रूप से बहुत कुछ झेल रहे हैं। एक जीवित लीजेंड, जिन्होंने हमारे सिनेमा में इतना बड़ा योगदान दिया है, उनके लिए पैपराजी और मीडिया का यह तमाशा देखना दिल तोड़ देने वाला है। यह कवरेज नहीं है, यह अपमान है।”