स्पोर्ट्स बायोपिक के बढ़ते ट्रेंड में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की जिंदगी पर बेस्ड बायोपिक फ़िल्म भी अनाउंस की गई थी लेकिन इसके बाद फ़िल्म को लेकर कोई अपडेट नहीं आई । लेकिन अब ख़ुद सौरव गांगुली ने अपनी बायोपिक फ़िल्म को लेकर बड़ी अपडेट दी है साथ ही क्लियर किया है उनका रोल कौन सा बॉलीवुड स्टार प्ले करने वाला है । इसके अलावा सौरव गांगुली ने यह भी बताया कि डेट्स की कमी होने की वजह से फ़िल्म में टाइम लग रहा है ।

सौरव गांगुली की बायोपिक फ़िल्म में राजकुमार राव
गांगुली ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “मैंने जो सुना है, उसके अनुसार राजकुमार राव इस भूमिका को निभाएंगे, लेकिन डेट्स न होने की वजह से इसे स्क्रीन पर आने में एक साल से अधिक समय लगेगा ।”
बता दें कि बायोपिक का उद्देश्य भारत के सबसे सफल क्रिकेट कप्तानों में से एक की जर्नी को दर्शाना है, जिसमें कोलकाता में उनके शुरुआती दिनों से लेकर भारतीय क्रिकेट टीम के उनके परिवर्तनकारी नेतृत्व तक का वर्णन किया गया है।
बायोपिक में गांगुली के 15 साल से ज़्यादा के शानदार क्रिकेट करियर को दिखाया जाएगा, जिसके दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट में 18,575 रन बनाए । उनके नेतृत्व में भारत ने 21 टेस्ट जीत दर्ज की और 2003 में विश्व कप के फाइनल में यादगार प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली लोगों में से एक के रूप में स्थापित किया। उम्मीद है कि फिल्म में गांगुली की प्रशासनिक भूमिकाओं को भी दिखाया जाएगा, जिसमें बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ बंगाल में उनका योगदान शामिल है ।
प्रिंस ऑफ़ कोलकाता के रूप में अपनी भूमिका की तैयारी करते हुए, राजकुमार जल्द ही मालिक फ़िल्म में एक ख़तरनाक गैंगस्टर की भूमिका में नजर आएंगे । फ़िलहाल राजकुमार वामिका गब्बी के साथ अपनी आगामी फ़िल्म भूल चूक माफ़ की रिलीज में बिजी हैं ।
















