Dia-Mirza

संजय दत्त की जिंदगी पर बनने वाली फ़िल्म का ऐलान कई साल पहले ही हो चुका था । हाल ही में इस फ़िल्म की शूंटिंग शुरू हुई है । फ़िल्म के शूट के पहले दिन, फ़िल्म के सेट पर दिया मिर्जा की मौजूदगी, कई सारे सवाल खड़े कर गई । काफ़ी लंबे समय से फ़िल्मों से दूरी बनाने वाली अभिनेत्री दिया मिर्जा का संजय दत्त की बायोपिक फ़िल्म के सेट पर आना कोई इत्तेफ़ाक नहीं था ।

खबर है कि दिया मिर्जा इस फ़िल्म का एक अहम हिस्सा हैं । जी हां, दिया मिर्जा इस फ़िल्म में संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त का किरदार अदा करने वाली हैं । तथ्य यह है कि दिया मिर्जा न केवल पहली बार किसी भी बायोपिक फ़िल्म का हिस्सा होंगी बल्कि, वह रणबीर कपूर के साथ पहली बार किसी फ़िल्म में नजर आएंगी । निर्माता, विधु विनोद चोपड़ा ने खुद फ़िल्म फ़ेस्टिवल के दौरान इस खबर का ऐलान किया ।

आपको बता दें कि मान्यता दत्त मॉडल से अभिनेत्री बनी थीं । मान्यता का जन्म दुबई में हुआ था । मान्यता और संजय ने साल 2008 में बेहद ही गुपचुप तरीके से एक निजी समारोह के दौरान गोवा में शादी रचाई । दोनों के दो जुड़वां बच्चे हैं । एक बेटी जिसका नाम है इकरा और बेटा शहरान ।

मान्यता दत्त ने संजय दत्त की जिंदगी में एक अहम रोल निभाया है । जब संजय दत्त जेल में थे उस दौरान मान्यता दत्त ने न केवल दोनों बच्चों का ख्याल रखा बल्कि संजय का प्रोडक्शन हाउस भी संभाला और अब भी संभाल रही हैं साथ ही उनके दूसरे वर्क कमिटमेंट्स भी देखती हैं ।

दिया मिर्जा के अलावा, रणबीर कपूर इस फ़िल्म में संजय दत्त का किरदार अदा कर रहे हैं और परेश रावल सुनील दत्त का किरदार अदा कर रहे हैं । और सोनम कपूर फ़िल्म में रणबीर कपूर का लव इंटरेस्ट बनी हैं । निर्देशक राजकुमार हिरानी द्दारा निर्देशित संजय दत्त की बायोपि्क फ़िल्म साल 2017 में क्रिसमस के दौरान रिलीज होगी ।