संजय लीला भंसाली की लव ट्रायंगल फ़िल्म लव एंड वॉर अपनी कहानी के साथ स्टार कास्ट को लेकर हेडलाइन में बनी हुई है । संजय लीला भंसाली ने रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल के साथ मुंबई में अपनी महत्वाकांक्षी फ़िल्म लव एंड वॉर की शूटिंग शुरू कर दी है । इसी बीच कहा जा रहा है कि लव एंड वॉर में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल के साथ दीपिका पादुकोण भी स्पेशल रोल में नजर आने वाली हैं । लेकिन बॉलीवुड हंगामा को इस खबर के पीछे की सच्चाई पता चल गई है ।

लव एंड वॉर में दीपिका पादुकोण ?
लव एंड वॉर में दीपिका की स्पेशल एंट्री पर प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र ने हंसते हुए कहा, “यह इतना खास है कि हममें से कोई भी इसके बारे में नहीं जानता । गंभीरता से कहें तो इस तरह की गलत सूचना कहां से आती है ? सच यही है कि, लव एंड वॉर में दीपिका नहीं हैं । दीपिका इस फ़िल्म की स्क्रिप्ट में कभी थी ही नहीं । अगर दीपिका फिर से मिस्टर भंसाली के साथ काम करती हैं, तो यह कुछ ऐसा होगा जो उन्हें राम लीला, बाजीराव मस्तानी और पद्मावत से आगे ले जाएगा । फिलहाल, दोनों के बीच किसी भी फ़िल्म को करने की प्लानिंग नहीं है ।”
जानकारी के मुताबिक, लव एंड वॉर एक भव्य प्रेम कहानी है, जो युद्ध की पृष्ठभूमि में सेट है। फिल्म में रणबीर कपूर और विक्की कौशल भारतीय सशस्त्र बलों के अधिकारियों की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि आलिया भट्ट उनकी प्रेमिका के रूप में दिखाई देंगी । कहानी एक लव ट्रायंगल पर केंद्रित है, जिसमें दो दोस्त एक ही महिला के प्यार में पड़ जाते हैं, और यह स्थिति उनके रिश्तों को कैसे प्रभावित करती है, इसे दर्शाया गया है ।
यह फ़िल्म इसलिए भी ख़ास है क्योंकि इसमें पहली बार रणबीर, आलिया और विक्की एक साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नज़र आने वाले हैं । जहाँ पहले यह फ़िल्म पहले यह फिल्म क्रिसमस 2025 पर रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज़ डेट 20 मार्च 2026 तय की गई है । विशाल सेट, भव्य सिनेमेटोग्राफी और दमदार कहानी के लिए जाने जाने वाले संजय लीला भंसाली लव एंड वॉर को पैन इंडिया दर्शकों के अनुरूप बना रहे हैं ।
















