तेलुगु सिनेमा की सुपरहिट फ़िल्म अर्जुन रेड्डी के हिंदी रीमेक कबीर सिंह से सब के दिलों पर राज करने वाले अभिनेता शाहिद कपूर ने अब एक और साउथ फ़िल्म के हिंदी रीमेक को करने का फ़ैसला किया है । बॉक्सऑफ़िस पर 278.24 करोड़ रु की ऐतिहासिक कमाई करने वाली फ़िल्म कबीर सिंह के बाद अब शाहिद कपूर को साउथ की फ़िल्मों के हिंदी रीमेक में दिलचस्पी जाग गई है । हालिया खबरों की मानें तो, तेलुगु सिनेमा की सुपरहिट फ़िल्म जर्सी के हिंदी रीमेक में शाहिद कपूर लीड रोल में नजर आएंगे । बता दें कि तेलुगु स्टार नानी ने साल 2019 में आई हिट फ़िल्म जर्सी में लीड रोल निभाया था ।

शाहिद कपूर फ़िर बनेंगे क्रिकेटर
जर्सी का निर्देशन गौतम तिन्नानूरी करेंगे, जिन्होंने जर्सी का निर्देशन भी किया था । फ़िल्म की कहानी क्रिकेट के खेल में होने वाली राजनीति और क्रिकेटर के संघर्ष को दिखाती है । दिलचस्प बात ये है कि शाहिद दूसरी बार क्रिकेटर का रोल अदा करेंगे । इससे पहले वह दिल बोले हड़िप्पा में क्रिकेटर का किरदार निभा चुके है ।
जर्सी की बात करें तो, यह एक स्पोर्ट्स ड्रामा है, जिसमें नानी ने क्रिकेटर का रोल निभाया था । फ़िल्म से साउथ एक्ट्रेस श्रद्धा श्रीनाथ ने फ़िल्मी करियर शुरू किया था । इसके अलावा सत्यराज, ब्रह्माजी और रोहित कामरा मुख्य भूमिका में नजर आए थे । यह फिल्म इसी साल 19 अप्रैल को रिलीज़ हुई थी, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद भी किया था ।
गौतम तिन्नानूरी कहते हैं कि, ''मैं अपनी फ़िल्म जर्सी के हिंदी रीमेक के लिए बेहद उत्साहित हूं ।अब मेरी ये फ़िल्म पूरे देश के दर्शक देख सकेंगे और इसके लिए शाहिद से बेहतर और कोई च्वाइस नहीं हो सकती थी । क्योंकि साउथ के हिंदी रीमेक में शाहिद पहले ही अपना जादू चला चुके है ।''
यह भी पढ़ें : CONFIRMED! स्क्रीन पर एक साथ नजर आएंगे शाहिद कपूर और मीरा राजपूत, और ये कोई अफ़वाह नहीं है
जर्सी के हिंदी रीमेक को अलु अरविंद, अमान गिल, दिल राजू द्दारा प्रोड्यूस किया जाएगा । गौतम तिन्नानूरी के निर्देशन में बनने वाली यह फ़िल्म 28 अगस्त 2020 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















