सलमान खान, अलवीरा खान और उनकी कंपनी बीइंग ह्यूमन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है । दरअसल, चंडीगढ़ के एक व्यापारी ने इनके खिलाफ 3 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है । और अब इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने कथित फ्रॉड मामले में समन भेजा है और उन्हें 13 जुलाई तक जवाब देने का वक्त दिया गया है ।

सलमान खान पर धोखाधड़ी का आरोप
शिकायतकर्ता व्यापारी अरुण गुप्ता ने अपनी शिकायत में कहा कि, उन्होंने सलमान के कहने पर मनीमाजरा के एनएसी एरिया में करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से 'बीइंग ह्यूमन ज्वैलरी' का शोरूम खोला था । शोरूम खुलवाने के लिए स्टाइल क्विंटेट ज्वैलरी प्राइवेट लिमिटेड से एक अग्रीमेंट भी किया । बाद में उनको सामान नहीं भेजा गया और कंपनी की वेबसाइट भी लंबे समय से बंद पड़ी है. उनका कहना है कि कंपनी ने उनकी किसी भी शिकायत पर किसी तरह का जवाब नहीं दिया है ।
शिकायतकर्ता ने बताया कि सलमान के भरोसे पर ही उन्होंने इतना भारी-भरकम इन्वेस्टमेंट इस बिजनेस में किया । शिकायतकर्ता ने एक वीडियो पुलिस को भेजा है । उनका आरोप है कि सुपरस्टार ने कहा था कि वह शोरूम के उद्घाटन पर आएंगे लेकिन बाद में व्यस्तता के चलते नहीं आए ।
वर्क फ़्रंट की बात करें तो सलमान जल्द ही अंतिम- द फ़ाइनल ट्रूथ और टाइगर 3 में नजर आएंगे ।
















