संजय लीला भंसाली की ऐतिहासिक रॉयल फ़िल्म पद्मावत में रानी पद्मनी का किरदार निभाने वाली दीपिका पादुकोण अब अपनी आगामी फ़िल्म छपाक में एक ऐसी महिला< लक्ष्मी अग्रवाल का किरदार निभाने जा रही हैं जो एसिड अटैक पीड़िता है । यह फ़िल्म लक्ष्मी अग्रवाल के साहसपूर्ण जीवन पर आधारित है । दीपिका पादुकोण ने आज से दिल्ली में इस फ़िल्म की शूटिंग शुरू कर दी है । इसी दौरान सामने आया फ़िल्म में से दीपिका का फ़र्स्ट लुक । एसिड अटैक पीड़िता लक्ष्मी अग्रवाल के रूप में दीपिका पादुकोण का ये लुक उनकी शूटिंग के पहले दिन रिलीज किया गया ।

छपाक : एसिड अटैक पीड़िता लक्ष्मी अग्रवाल के रूप में दीपिका पादुकोण का फ़र्स्ट लुक रोंगटे खड़े कर देगा

छपाक में दीपिका पादुकोण का फ़र्स्ट लुक

राजी की निर्देशक मेघना गुलजार के निर्देशन में बन रही फ़िल्म छपाक में लक्ष्मी के साहस को पर्दे पर दर्शाया जाएगा । रिलीज हुए फ़र्स्ट लुक की बात करें तो इस तस्वीर में दीपिका की आखों में उदासी के साथ ही उम्मीद भी देखी जा सकती है । जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दीपिका अपने किरदार में पूरी तरह से डूब गई है । छपाक से अपने पहले लुक को रिलीज करते हुए दीपिका ने लिखा, 'एक ऐसा कैरेक्टर, जो हमेशा हमेशा मेरे साथ रहेगा ।' इसी के साथ दीपिका ने जानकारी दी है कि उनकी यह फिल्म अगले साल 10 जनवरी को रिलीज होगी ।

बता दें कि छपाक के साथ दीपिका फ़िल्म निर्माण के क्षेत्र में भी कदम रखने जा रही है । इसलिए ये फ़िल्म दीपिका के लिए भी बहुत खास है । रणवीर सिंह से शादी के बाद दीपिका की यह पहली फिल्म होगी । दीपिका इस फिल्म को फॉक्स स्टार स्टूडियो के साथ मिलकर प्रोड्यूस भी कर रही हैं । इस फ़िल्म में दीपिका के किरदार का नाम मालती होगा । इस फ़िल्म में दीपिका के साथ विक्रांत मैसी नजर आएंगे ।

यह भी पढ़ें : दीपिका पादुकोण ने विशाल भारद्दाज की 'गैंगस्टर' बनने के बजाए मेघना गुलजार की एसिड पीड़ित लक्ष्मी अग्रवाल बनना चुना

दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक का पहला लुक बहुत प्रभावशाली और रोंगटे खड़े करने वाला है । बॉलीवुड सेलेब्स दीपिका के इस लुक की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं । दीपिका के लुक पोस्टर पर वरुण धवन, जैकलीन फर्नांडीज, राजकुमार राव समेत कई सेलेब्स के रिएक्शन आए हैं । सेलेब्स ने इंस्टा पर दीपिका के लुक पर रिएक्शन दिए हैं । वरुण धवन ने लिखा- वाह, इस फिल्म के लिए इंतजार मुश्किल हो रहा है । वहीं अभिषेक बच्चन ने लिखा- गुड लक । देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा ने दीपिका के लुक को अमेजिंग बताया है ।