अमेरिका की मशहूर फिल्म और मीडिया कंपनी बफैलो8 (Buffalo8), जो अपने यूनिक कंटेंट और ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन के लिए जानी जाती है, ने आधिकारिक रूप से लॉर्ड कर्ज़न की हवेली के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स हासिल कर लिए हैं। ये डार्क कॉमेडी थ्रिलर फिल्म, एक्टर-डायरेक्टर अंशुमन झा के निर्देशन में बनी पहली फिल्म है। ये पहली भारतीय फिल्म है जिसे बफैलो8 स्टूडियो का बैनर मिला है — जो भारतीय सिनेमा और इस अमेरिकी डिस्ट्रीब्यूटर दोनों के लिए एक ऐतिहासिक पल है।

लॉर्ड कर्ज़न की हवेली के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स
बफैलो8, जिसने पहले स्पाइक ली की Rodney King और नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री कन्वर्सेशन्स विद ए किलर: द जैफरी दाहमेर टेप्स जैसे प्रोजेक्ट्स को सपोर्ट किया है, अब भारतीय फिल्म लॉर्ड कर्ज़न की हवेली के साथ इंटरनेशनल मार्केट में अपने जॉनर सिनेमा को आगे बढ़ा रहा है। इस फिल्म की खोज कंपनी ने बेल्जियम के यूरोप के सबसे बड़े जॉनर फिल्म फेस्टिवल रेज़र रील फ्लैंडर्स में इसके यूरोपीय प्रीमियर के दौरान की थी।
बफैलो8 के प्रेसिडेंट ग्रेडी क्रेग ने कहा, “लॉर्ड कर्ज़न की हवेली एक दिलचस्प कहानी है जो इतिहास और संस्कृति को एक अनोखे नज़रिए से जोड़ती है। यह डेब्यू डायरेक्टर ब्लैक कॉमेडी और थ्रिलर जैसे दो मुश्किल जॉनर को बखूबी मिलाकर पेश करता है, जो भारतीय सिनेमा में बहुत ही कम देखने को मिलता है। हमें भरोसा है कि यह फिल्म अलग-अलग देशों के दर्शकों को पसंद आएगी।”
निर्देशक अंशुमन झा ने कहा, “हम बफैलो8 के साथ नॉर्थ अमेरिका में लॉर्ड कर्ज़न की हवेली को रिलीज़ करने के लिए बहुत उत्साहित हैं। वे जॉनर-ब्रेकिंग और बोल्ड कहानियों को सपोर्ट करते हैं, जो इस फिल्म के लिए एकदम सही जगह है। यह फिल्म न केवल भारतीय सिनेमा को एक नया रूप देती है, बल्कि ग्लोबली भी इंडियन स्टोरीटेलिंग की एक नई पहचान बनाती है। बफैलो8 के साथ यह साझेदारी सिर्फ एक डील नहीं है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि ओरिजिनल और हटकर कहानियों की आज भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहुत बड़ी जगह है ।”
गोल्डन रेशियो फिल्म्स, फर्स्ट रे फिल्म्स और आद्या फिल्म्स द्वारा प्रोड्यूस की गई इस फिल्म में अर्जुन माथुर (इंटरनेशनल एमी नॉमिनी), रसिका दुगल, परेश पाहुजा, तनमय धनानिया और ज़ोहा रहमान जैसे कलाकार शामिल हैं। फिल्म की कहानी लंदन में एक रहस्यमयी डिनर पार्टी के इर्द-गिर्द घूमती है और यह एक सस्पेंस, ह्यूमर और सोशल कॉमेंट्री से भरपूर सटायर है। यह फिल्म हिचकॉक जैसे सिनेमा को श्रद्धांजलि देती है।
फिल्म के इस साल के अंत तक नॉर्थ अमेरिका में रिलीज़ होने की उम्मीद है। इसके सेंसॉर सर्टिफिकेट की प्रक्रिया भारत में पूरी हो चुकी है और डिस्ट्रीब्यूशन की डिटेल्स जल्द साझा की जाएंगी।
















