पिछली फ़िल्मों से सबक लेते हुए सलमान खान अब अपने नेक्स्ट प्रोजेक्ट में हर चीज को लेकर बहुत एतिहात बरत रहे हैं । सलमान ने अली अब्बास जफर और कबीर खान की जगह अपूर्व लाखिया को अपनी नेक्स्ट फ़िल्म के लिए चुना जिसमें वह पहली बार आर्मी ऑफिसर के किरदार में नजर आने वाले हैं । और अब बॉलीवुड हंगामा को अपूर्व लाखिया की 2020 के गलवान घाटी संघर्ष पर आधारित वॉर ड्रामा फ़िल्म, जिसमें सलमान खान कर्नल बिकुमल्ला संतोष बाबू का किरदार निभाएंगे, के लिए दूसरा स्टार भी मिल गया है ।

सलमान खान के साथ साकिब सलीम
इस फ़िल्म से जुड़े सूत्रों ने बॉलीवुड हंगामा को बताया कि निर्माता जुलाई 2025 में फिल्म की शुरुआत की तारीख पर विचार कर रहे हैं और फिल्म में अहम भूमिका निभाने के लिए साकिब सलीम से बातचीत कर रहे हैं । एक ट्रेड सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “साकिब सलीम और सलमान खान ने ईद 2018 में रिलीज हुई फिल्म रेस 3 में साथ काम किया है और अब वे अपूर्व लाखिया की अगली फिल्म में साथ काम करने पर चर्चा कर रहे हैं । चूंकि भूमिका एक आर्मी ऑफिसर की है, इसलिए साकिब का लुक टेस्ट सलमान और अपूर्व करेंगे । एक बार लुक टेस्ट को मंजूरी मिल जाने के बाद, कास्टिंग तय हो जाएगी ।”
हमने सुना है कि सलमान व्यक्तिगत रूप से अपूर्व लाखिया की अगली फिल्म की अन्य कास्टिंग पर ध्यान दे रहे हैं, क्योंकि वह अब कोई गलत कदम नहीं उठाना चाहते हैं। “इस फिल्म में कई बड़े कलाकार शामिल होंगे, और उनमें से सबसे पहले साकिब सलीम होंगे । युवा पीढ़ी के दो और अभिनेता अपूर्व लाखिया की अगली फिल्म में शामिल होंगे । एक महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सूरज पंचोली से भी बातचीत शुरू हुई थी, हालांकि, फिल्म के मेकर्स इस अभिनेता को लेने के लिए बहुत उत्सुक नहीं हैं ।”
अपूर्व लाखिया की इस फिल्म की शूटिंग जुलाई में शुरू होगी और 2026 में रिलीज़ होगी। इसमें सलमान खान पहली बार एक आर्मी ऑफिसर की भूमिका में नजर आने वाले हैं ।
















