
फ़िल्मी दुनिया की लोकप्रिय मां रीमा लागू का आज सुबह मुंबई के अस्पताल में निधन हो गया । बुधवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अंधेरी के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने आज तड़के सुबह अंतिम सांस ली ।
59 साल की रीमा लागू के निधन की वजह दिल का दौरा बताई जा रही है । टीवी सीरियल, लोकप्रिय फ़िल्मों में काम कर चुकी रीमा लागु ने चार फिल्मफेयर पुरस्कार जीते हैं । रीमा लागू हिन्दी के अलावा मराठी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं । रीमा लागू ने मैंने प्यार किया, आशिकी, हम आपके हैं कौन, वास्तव, हम साथ साथ हैं और कई बेहतरीन फ़िल्मों में मां का किरदार निभाया । गौरतलब है कि रीमा लागू मैंने प्यार किया, हम साथ साथ हैं जैसी फ़िल्मों में सलमान खान की मां के रूप में बेहद मशहूर हुई थी ।
' रीमा लागू को टीवी सीरियल 'श्रीमान जी श्रीमती जी' से खासी लोकप्रियता हासिल हुई । रीमा लागू कई हिट फिल्मों में बड़े सितारों की मां का रोल भी कर चुकी हैं । रीमा लागू वर्तमान में महेश भट्ट के प्राइम टाइम टीवी शो 'नामकरण' (उनकी फिल्म जख्म से प्रेरित) में भी मां के किरदार में नजर आ रही थी, जो कि स्टार प्लस पर प्रसारित किया जा रहा है ।
हम बॉलीवुड हंगामा हिंदी के जरिए रीमा लागू के निधन पर उनके परिवार और दोस्तों के प्रति इस दुख की घड़ी में हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं । भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे ।
















